![]()
पंचकूला में रिटायर्ड चीफ इंजीनियर को फर्जी ऐप डाउनलोड करवा कर उसके खाते से 7.46 लाख रुपए निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंचकूला सेक्टर-20 स्थित सनसिटी परिक्रमा निवासी अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि वह हरियाणा सिंचाई विभाग से वर्ष 2017 में चीफ इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने अपने बाथरूम की सफाई के लिए गूगल पर अर्बन कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजा। सर्च के दौरान उन्हें एक नंबर दिखाई दिया। इस नंबर पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को अर्बन कंपनी का कर्मचारी बताते हुए सर्विस स्लॉट बुक कराने के लिए एक ऐप डाउनलोड करने को कहा। उन्होंने बताए अनुसार ऐप डाउनलोड करने का प्रयास किया, लेकिन वह सही तरीके से नहीं चल सकी। वॉटसएप कॉल कर डाउनलोड करवाई दूसरी ऐप शिकायत के अनुसार 4 जून को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने फिर खुद को अर्बन कंपनी का कर्मचारी बताया और नई ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा। ऐप डाउनलोड करते ही मोबाइल सही तरीके से काम करना बंद कर गया और ऐप डिलीट भी नहीं हो रही थी। इसी दौरान उनकी बेटी ने बताया कि पिछले 2-3 घंटे से उनका मोबाइल लगातार बिजी आ रहा है। कॉल फॉरवर्डिंग से खुला ठगी का राज शिकायतकर्ता ने एयरटेल कस्टमर केयर से संपर्क किया तो पता चला कि उनके मोबाइल नंबर से 7005572278 पर कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय कर दी गई थी। इसके बाद उन्होंने अपने बैंक खातों की जांच की तो पता चला कि उनके आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 5,49,580 रुपए और एचडीएफसी बैंक खाते से 73 हजार रुपए निकाल लिए गए। इस तरह कुल 7,46,780 रुपए की साइबर ठगी हो गई। बैंक खाते और कार्ड तुरंत कराए ब्लॉक घटना का पता चलते ही शिकायतकर्ता ने दोनों बैंकों के कस्टमर केयर से संपर्क कर अपना क्रेडिट कार्ड और बैंक खाता ब्लॉक करा दिया। साथ ही मोबाइल फोन को रीसेट कर दिया। रीसेट होने के कारण फर्जी ऐप, भेजा गया लिंक और व्हाट्सएप नंबर की जानकारी फोन से हट गई। साइबर थाना में केस दर्ज साइबर क्राइम थाना सेक्टर-20 पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच ASI सतीश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, कॉल फॉरवर्डिंग, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
Source link
पंचकूला के रिटायर्ड चीफ इंजीनियर से ₹7.46 लाख का फ्रॉड:अर्बन कंपनी के नाम पर साइबर ठगी, फर्जी ऐप डाउनलोड कर मोबाइल किया हैक







