न्यू चंडीगढ़ की एक रिहायशी सोसाइटी में सैर के दौरान महिला से हुई चेन स्नैचिंग की वारदात को मोहाली पुलिस ने सुलझा लिया है। मुल्लांपुर गरीबदास थाना पुलिस और ऑपरेशन सेल मोहाली की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सूरज उर्फ लांबा उर्फ बाबू निवासी गुलाबगढ़ रोड, डेराबस्सी और रुस्तम निवासी थाना सेक्टर-55, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, यह वारदात 16 मई 2026 को न्यू चंडीगढ़ के सेक्टर 06-ए स्थित इको सिटी में हुई थी। पीड़िता निताशा कौंडल अपने बच्चे के साथ घर के पास सैर कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो युवकों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर थाना मुल्लांपुर गरीबदास में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने की गिरफ्तारी जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई हरियाणा नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और पीड़िता से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पुराने अपराधी हैं। आरोपी सूरज के खिलाफ वर्ष 2024 में थाना फेज-1, मोहाली में चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित मामला दर्ज है। वहीं, रुस्तम के खिलाफ भी थाना फेज-1 मोहाली में चोरी का केस दर्ज है। इसके अलावा उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत एक अन्य आपराधिक मामला भी दर्ज पाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि वे क्षेत्र में हुई अन्य स्नैचिंग की वारदातों में भी शामिल हो सकते हैं। पूछताछ के आधार पर और खुलासे होने की संभावना है।
Source link
