Related Posts

हिसार में मृत युवक के परिवार को मिलेंगे 5 लाख:तेज आंधी से गिरा था बरगद का पेड़, घायलों को भी मिलेगी आर्थिक सहायता




हिसार जिले के रावलवास गांव में तूफान के दौरान पेड़ गिरने से युवक रोहित बामल की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने मृतक परिवार को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उपायुक्त महेंद्र पाल ने बताया कि स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड (SDRF) से 4 लाख रुपए और मुख्यमंत्री राहत कोष से 1 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। यह घटना मंगलवार देर शाम की है। रावलवास खुर्द निवासी रोहित अपने भाई के साथ घर लौट रहा था, तभी तेज बारिश और अंधड़ शुरू हो गया। रोहित एक बरगद के पेड़ के नीचे खड़ा था, जो अचानक उस पर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल को भी मिलेगी आर्थिक सहायता उपायुक्त ने यह भी बताया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में घायल हुए व्यक्ति को भी नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित परिवार को समय पर राहत मिल सके। स्टेट डिजास्टर रिलीफ फंड के प्रावधानों के अनुसार, यदि इस प्राकृतिक आपदा में पशु हानि हुई है, तो उसके लिए भी आर्थिक सहायता दी जाएगी। नियमों के तहत, प्रति मृत बड़े पशु पर 37 हजार 500 और छोटी गाय या बछड़े के लिए 20 हजार रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को राहत एवं सहायता प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें