![]()
नूंह जिले के गांव संगेल के शहीद सैनिक तेजपाल के परिवार को शहीद स्मारक निर्माण पर खर्च की गई राशि 3 साल बाद भी नहीं मिली है। शहीद की पत्नी मीनू ने हरियाणा सरकार में मंत्री विपुल गोयल से न्याय की गुहार लगाई है। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सहायता का आश्वासन दिया है। जानकारी के अनुसार, गांव संगेल निवासी सैनिक तेजपाल वर्ष 2023 में सैन्य ड्यूटी के दौरान लद्दाख में शहीद हो गए थे। उनकी शहादत की स्मृति में गांव में शहीद स्मारक और प्रतिमा बनाने का निर्णय लिया गया था। शहीद की पत्नी मीनू का आरोप है कि जिला प्रशासन ने स्मारक निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया था, लेकिन समय पर कोई राशि उपलब्ध नहीं कराई गई। पत्नी बोलीं- अब राशि मांगने नहीं आऊंगी प्रशासन से राशि न मिलने पर परिवार ने शहीद के सम्मान को सर्वोपरि मानते हुए अपने निजी संसाधनों से करीब 5 लाख रुपए खर्च कर स्मारक और प्रतिमा का निर्माण कराया। इसके बाद मीनू लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाती रहीं, लेकिन 3 साल बीत जाने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात के दौरान मीनू भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि यदि इस बार भी उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह दोबारा स्मारक निर्माण की राशि मांगने नहीं आएंगी और जरूरत पड़ने पर अपने सभी दस्तावेज वहीं फाड़कर लौट जाएंगी। मंत्री ने 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया मीनू ने मंत्री से स्मारक निर्माण पर खर्च हुए करीब 5 लाख रुपए दिलाने की मांग की। उनकी पीड़ा सुनने के बाद मंत्री विपुल गोयल ने तत्काल अपने निजी कोष से 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने डीसी के माध्यम से 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देने की बात भी कही। अब शहीद तेजपाल का परिवार उम्मीद लगाए बैठा है कि वर्षों से लंबित उनकी मांग पूरी होगी।
Source link
नूंह में शहीद स्मारक की राशि 3 साल से अटकी:परिवार ने अपने खर्च पर बनवाया; पत्नी ने मंत्री विपुल से लगाई गुहार







