![]()
सोनीपत में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (डीसीएचबी) के आंकड़े अब पूरी तरह ऑनलाइन अपलोड किए जाएंगे। डीसी नेहा सिंह ने बताया कि यह कार्य डीसीएचबी मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से होगा। इस प्रक्रिया के लिए जिले की सभी पंचायतों और शहरी वार्डों में कार्य करने हेतु फील्ड ऑफिसर नियुक्त किए जाएंगे। आंकड़ों को अपलोड करने का यह काम 1 अगस्त से 30 अगस्त तक निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा। हरियाणा के जनगणना संचालन निदेशक, डॉ. ललित जैन ने हाल ही में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश के सभी उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अगस्त माह में जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने संबंधी कार्यों की समीक्षा की। डॉ. जैन ने निर्देश दिए कि इस कार्य के लिए फील्ड ऑफिसर 10 जुलाई तक नियुक्त किए जाएं, ताकि उन्हें 25 जुलाई तक आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा सके। डीसी ने बताया कि जिला जनगणना हस्तपुस्तिका किसी भी जिले का महत्वपूर्ण सांख्यिकीय दस्तावेज होता है। जिसमें गांवों एवं शहरों की सामाजिक, आर्थिक एवं आधारभूत सुविधाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी संकलित की जाती है। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार द्वारा विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित वितरण तथा भविष्य की नीतियों के निर्धारण में किया जाता है। भाग-बी में प्राथमिक जनगणना सारांश से संबंधित आंकड़े अपलोड किए जाते हैं उन्होंने बताया कि डीसीएचबी के भाग-ए में ग्राम निर्देशिका एवं नगर निर्देशिका से संबंधित गैर-जनगणना आंकड़े शामिल किए जाते हैं। इसमें प्रत्येक गांव एवं शहर में उपलब्ध स्कूल, स्वास्थ्य संस्थान, पेयजल, सड़क, बैंक, डाकघर, संचार सुविधाएं और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विवरण दर्ज किया जाता है। वहीं भाग-बी में प्राथमिक जनगणना सारांश से संबंधित आंकड़े अपलोड किए जाते हैं, जिनमें जनसंख्या, परिवारों की संख्या, साक्षरता, आवासीय सुविधाएं, बिजली, पेयजल, शौचालय एवं अन्य महत्वपूर्ण जनसांख्यिकीय जानकारी शामिल होती है। डीसी ने तहसीलदारों को निर्देश दिए डीसी नेहा सिंह ने सभी तहसीलदारों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत सही एवं प्रमाणिक आंकड़े डीसीएचबी मोबाइल ऐप एवं वेब पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि डेटा अपलोड करते समय गुणवत्ता, शुद्धता एवं समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि जिले की जनगणना हस्तपुस्तिका त्रुटिरहित तैयार हो सके। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से डेटा अपलोड होने से कार्य में पारदर्शिता, गति और सटीकता आएगी, साथ ही भविष्य में विभिन्न विभागों को योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन के लिए विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध होंगे। इस मौके पर नगराधीश सिमरन, तहसीलदार कीर्ति सहित संबंधित सभी अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
सोनीपत में डीसीएचबी डेटा ऑनलाइन अपलोड होगा:मोबाइल ऐप, वेब पोर्टल से होगी एंट्री; डीसी ने फील्ड ऑफिसर नियुक्त किए







