![]()
हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने मंगलवार को नूंह जिले में पहली बार जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 16 परिवादों पर सुनवाई की गई। जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष चार मामलों में संबंधित विभागों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक में नूंह अनाज मंडी में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का मुद्दा प्रमुख रहा। शिकायतकर्ता ने मंत्री को बताया कि मंडी में व्यापारी, किसान और मजदूर लंबे समय से पीने के पानी की परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इसका समाधान नहीं किया गया है। इस पर मंत्री ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों से जवाब-तलब किया। अधिकारियों को दी चेतावनी- लारवाही बर्दाश्त नहीं जब मार्केट कमेटी के एक्सईएन अतुल यादव मंत्री के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, तो विपुल गोयल ने उन्हें फटकार लगाई। मंत्री ने सख्त लहजे में कहा, “तू सस्पेंड होगा।” उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार, एक्सईएन अतुल यादव के पास नूंह के अलावा फरीदाबाद और गुरुग्राम जिलों का भी अतिरिक्त प्रभार है। इसी कारण मंत्री ने फरीदाबाद का उल्लेख करते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी दी।
समय से हो सभी शिकायतों का निस्तारण मंत्री ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि सरकार की मंशा है कि आम नागरिकों की समस्याओं का जल्द से जल्द निवारण हो और लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। लंबित चार मामलों में भी संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई कर अगली बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
नूंह में मंत्री विपुल गोयल ने XEN को लगाई फटकार:बोले- तू सस्पेंड होगा, लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 16 में से 12 समस्याओं का निस्तारण







