हरियाणा के नूंह जिले के केराका गांव में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस घटना में सैकड़ों क्विंटल भूसा जलकर राख हो गया, एक भैंस की मौत हो गई और एक एर्टिगा कार क्षतिग्रस्त हो गई। दमकल विभाग ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित साबिर पुत्र मुबीन ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे उनके पड़ोस में स्थित उनकी प्लॉट में बने छप्पर में अचानक आग लगी। शुरुआत में ग्रामीणों ने स्वयं आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा और सूखे भूसे के कारण आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप ले लिया। एक भैंस की जलने से मौत जिस छप्पर में आग लगी थी, उस छप्पर में दो भैंस बंधी हुई थीं। ग्रामीणों ने एक भैंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरी भैंस को बचाया नहीं जा सका और उसकी आग में जलकर मौत हो गई। इसके अतिरिक्त, बारात में जाने के लिए खड़ी एक एर्टिगा कार का अगला हिस्सा भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह जल गया। एक घंटे में पाया आग पर काबू घटना की सूचना तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। दमकल टीम और ग्रामीणों ने मिलकर लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। ग्रामीणों और सरपंच जावेद ने बताया कि कई बार कोशिश करने के बावजूद डायल 112 नंबर नहीं लग पाया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस चौकी को सूचित किया गया। शॉर्ट सर्किट की आशंका प्राथमिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट या किसी लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। इस हादसे में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। साबिर ने जिला प्रशासन से मुआवजे और आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की है।
Source link
नूंह में छप्पर में लगी आग:एक भैंस की मौत, सैकड़ों क्विंटल भूसा राख, एर्टिगा कार जली
