नूंह जिले की सदर थाना पुन्हाना पुलिस ने एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह अपराधी हरियाणा के कई जिलों में दर्ज गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे एक विशेष अभियान के तहत दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लुहिंगाकला निवासी इमरान उर्फ काना के रूप में हुई है। वह भिवानी जिले के थाना सिविल लाइन में दर्ज एक मामले में वांछित था। पुन्हाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए सीआईए भिवानी टीम को सौंप दिया। कई जिलों में कर चुका अपराधिक वारदात पुलिस जांच में इमरान उर्फ काना का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है। उसके खिलाफ नूंह, गुरुग्राम, सोहना, फरीदाबाद और भिवानी जैसे कई जिलों में चोरी, सेंधमारी, लूट, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। सूत्रों के अनुसार, आरोपी पर चोरी और लूट की योजना बनाने, अवैध हथियार रखने तथा संगठित आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप भी हैं। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी सफलता मान रही है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। इसका उद्देश्य उसके आपराधिक नेटवर्क, साथियों और अन्य लंबित वारदातों का खुलासा करना है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि आरोपी किन अपराधियों के संपर्क में था और हाल की घटनाओं में उसकी क्या भूमिका रही है।
Source link
नूंह पुलिस ने अरेस्ट किया शातिर अपराधी:सीआईए भिवानी को सौंपा, कई जिलों में दिया वारदातों को अंजाम, लंबे समय से था फरार
