Related Posts

नूंह की मीट फैक्ट्री में भीषण आग:शॉर्टसर्किट से निकली चिंगारी से पैकिंग के गत्तों गिरी, कुछ पलों में निकलने लगीं लपटें




नूंह पिनगवां खंड के गांव सटकपुरी स्थित ‘फेयर एक्सपोर्ट मीट फैक्ट्री’ में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उठते हुए काले धुएं को कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। इस घटना के बाद फैक्ट्री परिसर और आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, आग फैक्ट्री के उस हिस्से में लगी जहां पैकिंग के लिए बड़ी मात्रा में गत्ते के कार्टून रखे हुए थे। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से उठी चिंगारी ने इन कार्टूनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। राहत की बात यह रही कि ड्यूटी पर मौजूद सभी कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत सूचना मिलने के तुरंत बाद पिनगवां थाना प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग को सूचित किया। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक फैक्ट्री के भीतर रखा काफी कीमती सामान और पैकिंग मटेरियल जलकर राख हो चुका था। प्रदूषण और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में रोष इस घटना के बाद सटकपुरी और आसपास के ग्रामीणों ने मीट फैक्ट्रियों के संचालन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीण जाकिर हुसैन, अब्दुल मन्नान और शौकत अली ने बताया कि आग के कारण फैले घने और जहरीले धुएं से लोगों का सांस लेना दूभर हो गया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ये फैक्ट्रियां न केवल प्रदूषण फैला रही हैं, बल्कि यहां सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी की जा रही है। प्रशासन से जांच की मांग स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में चल रही मीट फैक्ट्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और उनके संचालन की गहन जांच की जाए। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन आग लगने के सटीक कारणों और हुए कुल नुकसान का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें