![]()
सिरसा जिले के मंडी डबवाली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। थाना शहर पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने शर्मा फार्मा मेडिकल को सील कर दिया। इस दौरान मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। थाना शहर डबवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवीलाल की टीम ने ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर सुनील कुमार के साथ मिलकर गुप्त सूचना पर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। जांच में 360 नशीली गोलियां और 436 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। मेडिकल स्टोर संचालक नहीं दिखा सका दस्तावेज मेडिकल स्टोर के सेल्समैन अरविंद से दवाओं के बिल और अन्य संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सिरसा के ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर (DCO) ने दवाओं को जब्त कर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया। ड्रग विभाग द्वारा संचालक का लाइसेंस रद्द करने की आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, मेडिकल संचालक परमानन्द शर्मा के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हैं। वर्ष 2012 में उसके खिलाफ नशीली गोलियों की बरामदगी का मामला दर्ज हुआ था। वहीं, वर्ष 2025 में उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या से संबंधित मामला भी दर्ज बताया गया है। नशे के खिलाफ जारी रहेगा पुलिस का अभियान डबवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार मेडिकल एसोसिएशन और दवा विक्रेताओं से संपर्क कर रही है। उनसे बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवाएं न बेचने की अपील की जा रही है।
Source link
डबवाली में ड्रग विभाग ने सील किया मेडिकल स्टोर:पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई, नशीली गोलियां और कैप्सूल बरामद, नहीं मिले दस्तावेज







