![]()
भिवानी पुलिस ने बस में यात्री की जेब काटकर 1 लाख रुपए चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें आरोपियों से 20 हजार रुपए भी बरामद किए गए हैं। मामला, सज्जन निवासी ईन्दीवाली, जिला भिवानी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। सज्जन ने 11 मई 2026 को तोशाम थाने में बताया था कि जब वह अपनी बेटी के साथ तोशाम बस अड्डे से अपने गांव ईन्दीवाली जाने के लिए बस में सवार हुए, तो उनकी जेब काट ली गई। इस दौरान उनकी जेब से 1 लाख रुपए चोरी हो गए थे। शिकायत के आधार पर तोशाम थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। डिटेक्टिव स्टाफ लोहारू के उप निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं केस गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नरेश निवासी बड़सी, जिला भिवानी और नरेंद्र निवासी थुराना, नारनौंद, जिला हिसार के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से चोरी की गई राशि में से 20 हजार रुपए बरामद किए गए। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद, दोनों आरोपियों को दोबारा माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
Source link
भिवानी में यात्री की जेब काट 1 लाख रुपए निकाले:बेटी के साथ बस में सवार होकर जा रहा, पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा







