![]()
झज्जर-गुरुग्राम रोड पर सोमवार सुबह सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास सड़क किनारे दो व्यक्तियों के शव मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के पास एक पाइप और एक ड्रम भी मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस ने आशंका जताई कि दोनों की हत्या कहीं और करने के बाद शव यहां लाकर फेंके गए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की सूचना पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि शव यहां कैसे पहुंचे और वारदात में कौन लोग शामिल हो सकते हैं, इसका पता लगाया जा सके। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों से गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
Source link
झज्जर में डबल मर्डर:सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास दो शव मिले, साथ में पाइप-ड्रम पड़े; हत्या कर फेंके जाने की आशंका







