झुज्जर जिला मुख्यालय पर 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार 8 जून को आयोजित होने वाले योग अभ्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने रविवार की सायं अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया और जरूरी निर्देश भी दिए। यह कार्यक्रम कौशल विकास एवं औधोगिक प्रशिक्षण विभाग और
आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
उल्लेखनीय है कि सोमवार, 8 जून को सुबह 6 बजे झज्जर रोडवेज वर्कशाप परिसर में जिला स्तरीय योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, जिला परिषद के चेयरमेन कप्तान सिंह बिरधाना,भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मिकी, भाजपा नेता दिनेश कौशिक और संजय कबलाना सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि योग केवल एक क्रिया नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है और इसे जन-जन तक पहुंचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि योग दिवस को “जन-आंदोलन” का रूप दिया जाएगा, जिसमें हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इस बार योग दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी ब्लॉक स्तरों पर किया जाएगा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए सभी विभागों द्वारा अपनी-अपनी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम के सुचारू संचालन के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर योग प्रतिभागियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
इस अवसर पर एडीसी जगनिवास व सीटीएम रितु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
जिला स्तरीय योग अभ्यास प्रशिक्षण कार्यक्रम कल:रोडवेज वर्कशॉप में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी
