जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने ‘युद्ध नशा विरुद्ध’ अभियान के तहत अर्बन एस्टेट इलाके में चल रहे अवैध हुक्का बारों पर बड़ी छापेमारी की है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में फ्लेवर्ड तंबाकू, हुक्के और अन्य संबंधित सामान बरामद किया है। तीन अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा जालंधर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट में रेस्टोरेंट की आड़ में अवैध रूप से हुक्का बार चलाए जा रहे थे। एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसीपी वेस्ट और एसीपी मॉडल टाउन की अगुवाई में एक विशेष रणनीति तैयार की गई। तीन थानों की पुलिस ने मिलकर मारा छापा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन अलग-अलग थानों की टीमों को मिलाकर एक संयुक्त टीम का गठन किया। पुलिस बल ने पूरी तैयारी के साथ अर्बन एस्टेट के संदिग्ध ठिकानों पर अचानक रेड कर दी। अचानक हुई इस छापेमारी से हुक्का बार संचालकों और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामान बरामद तलाशी के दौरान पुलिस टीम को हुक्का बार के अंदर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित फ्लेवर्ड तंबाकू, कई हुक्के और हुक्के में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने सारा सामान कब्जे में ले लिया है और इसे कानूनी कार्रवाई के लिए सील कर दिया गया है। तीन लोग हिरासत में, पूछताछ जारी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार के पीछे मुख्य सरगना कौन है और यह नेटवर्क कहां-कहां फैला है। अवैध कारोबारियों को सख्त चेतावनी एडीसीपी राकेश यादव ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जालंधर शहर में किसी भी तरह के अवैध काम या नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस ‘युद्ध नशा विरुद्ध’ अभियान के तहत लगातार एक्टिव है और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जनता से सहयोग की अपील पुलिस ने आम जनता से भी इस अभियान में सहयोग की अपील की है। एडीसीपी ने कहा कि अगर किसी के भी इलाके में इस तरह का कोई अवैध कारोबार या नशा बेचा जा रहा है, तो वे तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी और उसकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
Source link
