जालंधर के प्रताप बाग के पास बिजली घर के सामने एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मामूली विवाद को लेकर भल्ला बोर्ड के मालिक और उसके साथियों ने मिलकर एक अन्य बोर्ड लगाने वाले व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। सरेबाजार हुई इस मारपीट के दौरान पीड़ित को बुरी तरह पीटा गया और उसे गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस गुंडागर्दी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे इलाके के व्यापारियों में डर और रोष का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना प्रताप बाग के पास स्थित बिजली घर के ठीक सामने वाली गली की है। यहां रोज की तरह काम चल रहा था कि अचानक दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह बहस हिंसक झड़प में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भल्ला बोर्ड के मालिक और उसके साथ आए कुछ अज्ञात युवकों ने अचानक दूसरे बोर्ड वाले व्यक्ति पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने पीड़ित को संभलने का मौका भी नहीं दिया और उसे लात-घूसों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट की इस लाइव वारदात को वहां मौजूद किसी राहगीर ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी पीड़ित को बेदम होने तक पीट रहे हैं। इधर, सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है।
Source link
