![]()
मोहाली के एक परिवार ने बड़े खुश होकर बेटी की शादी कनाडा में रहने वाले एक एनआरआई से की। लेकिन शादी के पांच दिन बाद ही वह वापस चला गया और उसके कैंसर पीड़ित पिता की जिम्मेदारी बहू पर आ गई। कुछ समय बाद ससुर का देहांत हुआ तो वह वापस पंजाब आया। लेकिन इस दौरान भी उसने युवती के साथ होशियारी की। उसने कहा कि घर पर अकेली रह गई हो, जल्दी ही तुझे भी कनाडा आना है। ऐसे में गहने संभाल नहीं पाएगी। यह कहकर वह गहने अपने साथ ले गया। लेकिन आज युवती उसके रिश्तेदारों के घर में रह रही है। जबकि पति उसका फोन तक नहीं उठाता है, वहीं सास का जवाब है कि तू दूसरी शादी कर ले। अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अप्रमअपार सिंह, हाल निवासी कनाडा, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 के तहत केस दर्ज किया है। अब चार प्वाइंट में जाने सारी कहानी शादी के पांच दिन कनाडा वापस चला गया पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 26 फरवरी 2023 को अप्रमअपार सिंह (शाहपुर कंडी, पठानकोट) के साथ हुई, जो कनाडा में रहता है। उसकी सास भी वहीं रहती है। मेरे माता-पिता ने बढ़िया मैरिज पैलेस में शादी की। शादी पर 12 लाख रुपये खर्च किए। 12 तोले सोना दिया, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 15-16 लाख रुपये है। कपड़े, सगाई और शगुन सहित अन्य खर्च 5 लाख रुपये आया। शादी के महज 5 दिन हुए थे कि 3 मार्च 2023 को मेरा पति वापस कनाडा चला गया। ससुर कैंसर के मरीज थे। ऐसे में उनके इलाज, देखभाल और सेवा-संभाल की पूरी जिम्मेदारी मेरे ऊपर आ गई, जिसे मैंने पूरी निष्ठा से निभाया। इसी बीच ससुर का निधन हुआ तो पति दोबारा भारत आया। लेकिन इस दौरान भी मेरे साथ छल किया गया। ससुर की डेथ हुई तो सारे गहने ले गया इस दौरान वह दो सप्ताह के लिए यहां रुका। अंतिम संस्कार से जुड़ी रस्में पूरी कीं। जब दो सप्ताह बाद वापस कनाडा लौटने लगा तो जाते समय वह ससुराल पक्ष का सारा बैंक बैलेंस और मेरे माता-पिता द्वारा शादी में दिए गए सारे गहने अपने साथ ले गया। पति ने मुझे यह झांसा दिया कि, “तुम घर में अकेली रहती हो। यह सब सामान तुम्हारे पास सुरक्षित नहीं रहेगा। मैं कनाडा पहुंचकर तुम्हें भी अपने पास बुला लूंगा। फिर यह सब तुम्हारे पास ही रहेगा।” मुझे लगा कि पति सच कह रहा है। ऐसे में मैं उसकी बातों में आ गई और सब कुछ उसे सौंप दिया। कनाडा पहुंचे ही फोन उठाना बंद किया कनाडा पहुंचते ही उसके तेवर पूरी तरह बदल गए। शुरुआत में उसने मेरे फोन कॉल और मैसेज को नजरअंदाज करना शुरू किया और धीरे-धीरे पूरी तरह से जवाब देना बंद कर दिया। जब मैं नंबर बदलकर या किसी तरह दूसरों के फोन या नए नंबरों से उससे संपर्क करने की कोशिश करती थी, तो जैसे ही उसे पता चलता कि कॉल मेरी ओर से है, वह तुरंत वह नंबर ब्लॉक कर देता था या अपना खुद का फोन नंबर ही बदल लेता था, ताकि मैं उससे संपर्क न कर पाऊं। सांस के भी बदले गए तेवर जब मैंने इस बारे में अपनी सास से बात की, तो उसने मुझसे कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है और मुझे हमेशा फोन ट्राई करते रहना चाहिए। हर बार की तरह दोनों मां-बेटे मुझे विदेश ले जाने के संबंध में लारेबाजी करते रहे और मुझे पागल बनाते रहे। मुझे मामा-ससुर के घर छोड़ दिया गया। वे मुझे यह घर खाली करने की धमकियां दे रहे हैं। मेरे पति और सास के कहने पर वे मुझे नाजायज रूप से तंग-परेशान करते हैं और मुझे घर से बाहर निकालने की साजिशें करते हैं। जो सास मुझे अक्सर पति को फोन करने की बात करती थी, अब उसने अपना स्टैंड बदल लिया है। अब उसका कहना है, “तुम अपना कहीं और विवाह करवा लो, क्योंकि मैंने अपने लड़के को बेदखल कर दिया है।” मेरे पति और सास द्वारा मुझे लगातार अपनी साजिश का शिकार बनाया जा रहा है और नए-नए तरीके अपनाकर मुझे घर से बेघर करने की साजिशें रची जा रही हैं। मुझे अपने पति पर शक है कि उसने विदेश में दूसरा विवाह कर रखा है और उसका एक बच्चा भी है।
Source link







