![]()
करनाल जिले के मुनक थाना के अधीन आने वाले गांव बाल राजपुतान में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे तनाव के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम को समझाने के दौरान एक पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की, वर्दी फाड़ दी और हाथ की उंगली मरोड़कर चोट पहुंचाई। आरोपियों ने सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसआई राजीव कुमार शिकायत में बताया कि वह थाना मूनक में आईओ के तौर पर तैनात हैं। गुरुवार, 11 जून की सुबह करीब 9:55 बजे थाना प्रभारी के आदेश पर उन्हें सूचना मिली कि गांव बाल राजपुतान में जयदर्थ पक्ष और सुरजीत पक्ष के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हो रही है। दोनों पक्षों में कोई भी समझौते को तैयार नहीं था। मौके पर एक पक्ष मिला, दूसरे पक्ष के लोग नहीं पहुंचे एएसआई राजीव कुमार अपने साथ सिपाही सागर और सिपाही नीरज तथा ड्राइवर रिंकू के साथ सरकारी गाड़ी में मौके पर पहुंचे। वहां पहले से ईआरवी-423 पर ईएएसआई मनोज और एसपीओ बलवीर मौजूद थे। मौके पर जयदर्थ पक्ष के नेत्रपाल, वेदपाल, संजय और अन्य 4-5 लोग मौजूद मिले, जबकि दूसरा पक्ष मौके पर नहीं था। पुलिस टीम ने मौजूद लोगों को समझाया कि वे मौके पर इकट्ठा न हों और थाने आकर अपना पक्ष रखें। इतना कहते ही नेत्रपाल, वेदपाल, संजय और अन्य लोग भड़क गए और पुलिस के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद सभी ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी। वर्दी फाड़ी, उंगली मरोड़कर चोट पहुंचाई शिकायत में बताया गया कि नेत्रपाल ने एएसआई राजीव कुमार की वर्दी पकड़कर बाईं जेब फाड़ दी। विरोध करने पर अन्य लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और नेत्रपाल ने उनका बायां हाथ पकड़कर अनामिका (रिंग फिंगर) उंगली मरोड़ दी, जिससे चोट आई। सरकारी गाड़ी की खिड़की तोड़ी, हैंडल उखाड़ा वेदपाल और अन्य आरोपियों ने ईआरवी-423 गाड़ी की ड्राइवर साइड के पीछे वाली खिड़की को खींचकर उसका हैंडल तोड़ दिया और वाहन को नुकसान पहुंचाया। आरोपियों ने पुलिस टीम को मौके से जाने की धमकी देते हुए कहा कि नहीं गए तो जान से मार देंगे। दो साल से चल रहा जमीन विवाद जानकारी के अनुसार यह जमीन करीब दो साल पहले मूनक निवासी सुरजीत और सुरेंद्र ने महेंद्र सिंह से किला नंबर 18 और 19 में खरीदी थी। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा है, जो अब हिंसक रूप ले चुका है। पुलिस ने कई धाराओं में केस दर्ज किया मामले में एएसआई संदीप कुमार द्वारा प्राप्त शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना मूनक में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों नेत्रपाल, वेदपाल, संजय और अन्य 4-5 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो आरोपी मौके से काबू, बाकी की तलाश जारी थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को पकड़ लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
जमीनी विवाद सुलझाने गई करनाल पुलिस पर हमला:समझाने पर भड़के, गाली-गलौज कर धक्का-मुक्की की, वर्दी फाड़ी, उंगली मरोड़ी; 2 गिरफ्तार







