Related Posts

चंडीगढ़ सीनियर डिप्टी मेयर का दावा झूठा:पिक एंड ड्रॉप के लिए टैक्सी 10 मिनट फ्री, ‌BJP नेता बोले-पार्किंग में काटी पर्ची




चंडीगढ़ में टैक्सी चालकों को पिक एंड ड्रॉप के लिए शहर की पार्किंग में 10 मिनट तक मुफ्त एंट्री मिलने का दावा शुक्रवार को सवालों के घेरे में आ गया। भारतीय जनता पार्टी के सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह बब्बर ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि अब शहर की सभी नगर निगम पार्किंग में टैक्सियों को सवारी छोड़ने और लेने के लिए 10 मिनट तक कोई पार्किंग शुल्क नहीं देना होगा। लेकिन अगले ही दिन इसकी हकीकत कुछ और निकली। शुक्रवार को सेक्टर-3, सेक्टर-26, एलांते मॉल और शहर की अन्य नगर निगम पार्किंग में एक टैक्सी सवारी छोड़ने के लिए पहुंची। पार्किंग से बाहर निकलते समय चालक से पार्किंग फीस वसूल ली गई। जब टैक्सी चालक ने 10 मिनट की मुफ्त सुविधा का हवाला दिया तो पार्किंग कर्मचारियों ने साफ कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई आदेश नहीं मिले हैं। इसलिए नियमानुसार शुल्क लिया गया। वहीं, निगम के संबंधित अधिकारी सुनील दत्त ने कहा कि टैक्सी चालकों को 10 मिनट की मुफ्त पार्किंग देने के मुद्दे पर अभी चर्चा है। फिलहाल कोई अंतिम आदेश जारी नहीं हुआ है। जब तक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया जाता, तब तक मौजूदा पार्किंग नियम ही लागू रहेंगे। वीडियो जारी कर दी थी जानकारी वीरवार को सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह बब्बर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में उनके साथ चंडीगढ़ टैक्सी यूनियन के प्रधान अमनदीप भी मौजूद थे। वीडियो में बब्बर ने कहा कि टैक्सी यूनियन लंबे समय से मांग कर रही थी कि यदि किसी टैक्सी चालक को केवल सवारी छोड़ने या लेने के लिए पार्किंग में जाना पड़ता है तो उससे पूरा पार्किंग शुल्क लेना उचित नहीं है। इस मांग को नगर निगम के समक्ष उठाया गया था और अब इसे स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि शहर की सभी नगर निगम पार्किंग में टैक्सियों को पिक एंड ड्रॉप के लिए 10 मिनट तक मुफ्त प्रवेश मिलेगा और इस दौरान उनकी पार्किंग पर्ची नहीं काटी जाएगी। टैक्सी यूनियन ने जताया था आभार वीडियो में मौजूद टैक्सी यूनियन के प्रधान अमनदीप ने सीनियर डिप्टी मेयर का धन्यवाद करते हुए कहा कि टैक्सी चालकों को लंबे समय से इस समस्या का सामना करना पड़ रहा था। कई बार केवल दो-तीन मिनट के लिए पार्किंग में जाना पड़ता था, लेकिन पूरा पार्किंग शुल्क देना पड़ता था। इससे टैक्सी चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि 10 मिनट की मुफ्त सुविधा मिलने से शहर के हजारों टैक्सी चालकों को राहत मिलेगी। निगम के ग्रुप से कुछ देर बाद मैसेज डिलीट जब इस पूरे मामले को लेकर सीनियर डिप्टी मेयर जसमनप्रीत सिंह बब्बर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर उनकी नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार से बातचीत हुई थी। बातचीत के बाद नगर निगम के आधिकारिक ग्रुप में भी इस संबंध में एक मैसेज डाला गया था। उसी के आधार पर उन्होंने वीडियो जारी कर लोगों को जानकारी दी थी। बब्बर ने कहा कि बाद में उन्हें पता चला कि नगर निगम के ग्रुप से वह मैसेज हटा दिया गया। अब वह इस पूरे मामले पर दोबारा कमिश्नर से बात करेंगे, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके और यदि निर्णय लिया गया है तो उसे जल्द लागू कराया जाए।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें