Related Posts

चंडीगढ़ कैशियर हत्याकांड, 8 लाख के नकली नोट बरामद:3 किलो आइस भी मिली, कपूरथला जेल से रची साजिश; जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा आरोपी




चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास हत्याकांड की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 8 लाख रुपए के नकली नोट, 3 किलो ‘आइस’ (क्रिस्टल मेथ) और हत्या में इस्तेमाल की गई जिगाना पिस्तौल के नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई है। मामले में पुलिस ने कपूरथला जेल में बंद गैंगस्टर धर्मेंद्र उर्फ गोली को प्रोडक्शन वारंट पर चंडीगढ़ लाकर अदालत में पेश किया। अदालत से आरोपी का पुलिस रिमांड हासिल कर आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस जांच के अनुसार, शुरुआती दौर में आशंका जताई जा रही थी कि धर्मेंद्र उर्फ गोली का संबंध गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों से है, लेकिन अब तक की जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक, धर्मेंद्र विदेश में बैठे एक अन्य गैंगस्टर के संपर्क में था। गोली फोन पर देता था निर्देश जांच में सामने आया है कि उसी गैंगस्टर ने फोन के जरिए धर्मेंद्र को हत्या के लिए जिगाना पिस्तौल, कपड़े, शूटरों के ठहरने की व्यवस्था, बाइक और पैसों का इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। पूछताछ के दौरान गुरमीत उर्फ बादशाह ने बताया कि जेल में बंद धर्मेंद्र सिंह उर्फ गोली उसे लगातार फोन पर निर्देश देता था। उसने यह भी बताया कि जिगाना पिस्तौल कहां से लानी है और उसे शूटरों तक कैसे पहुंचाना है, इसकी जानकारी गोली ने दी थी। मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया था जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर ने धर्मेंद्र को जम्मू-कश्मीर निवासी अमित का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया था। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क हुआ और तरनतारन के रास्ते जिगाना पिस्तौल मुहैया कराई गई। पुलिस के अनुसार, इसी हथियार का इस्तेमाल सेक्टर-11 में कैशियर जानकी दास की हत्या में किया गया था। धर्मेंद्र से खुलेंगे कई राज पुलिस के अनुसार, धर्मेंद्र ने हत्या की साजिश को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अन्य लोगों की भी मदद ली। जांच के दौरान पुलिस ने मनी, गुरमीत उर्फ बादशाह, सचिन और सिलवेस्टर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य सामान की व्यवस्था कराने व उसे आरोपियों तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विदेश में बैठा गैंगस्टर कौन है, उसका नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है और हत्या की साजिश किस मकसद से रची गई थी। इसके अलावा, बरामद करीब 8 लाख रुपये के नकली नोट और 3 किलो ‘आइस’ (क्रिस्टल मेथ) का इस गिरोह से क्या संबंध है और इन्हें कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है। जग्गू भगवानपुरिया गैंग से जुड़ा पूछताछ के दौरान धर्मेंद्र सिंह उर्फ गोली ने पुलिस को बताया कि उसका संबंध जग्गू भगवानपुरिया गैंग के नेटवर्क से है। इसके बाद पुलिस गैंग के अन्य सदस्यों, फंडिंग नेटवर्क और हत्या की साजिश में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विदेश में बैठे गैंगस्टरों के संपर्क में रहकर इस मॉड्यूल को कौन संचालित कर रहा था। धर्मेंद्र सिंह पहले से कई गंभीर मामलों में आरोपी है। वह 30 अक्टूबर 2017 को हिंदू संघर्ष सेना के नेता विपिन शर्मा की हत्या के मामले में भी जेल में बंद है। चंडीगढ़ पुलिस आरोपियों को साथ लेकर तरनतारन पहुंची। टीम ने मिशन कंपाउंड में आरोपियों के दो घरों की करीब ढाई घंटे तक तलाशी ली। इस दौरान आरोपी मनी के कांस्टेबल पिता से भी पूछताछ की गई।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें