![]()
सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में एक महिला पर प्लाट विवाद को लेकर जानलेवा हमला कर दिया गया। लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से लगी चोटों के कारण महिला लहूलुहान हो गई। उसे गोहाना अस्पताल लाया गया, जहां से उनको डॉक्टरों ने उसे बीपीएस खानपुर कलां मेडिकल कॉलेज रेफर किया है। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। ईशापुर खेड़ी निवासी मुकेश (पत्नी प्रेम) ने बुटाना पुलिस चौकी में दी शिकायत में हमले की पूरी दास्तां सुनाई है। उसने बताया कि सुबह करीब 6:15 बजे वह अपने प्लाट में पशुओं को बांधने गई थी, तभी गांव के ही सुनील, संतोष, प्रिया, मोहित, सत्यप्रकाश, जगमेंद्र, रोहतास और दलबीर ने उसको घेर लिया। महिला का कहना है कि मोहित ने तेजधार हथियार से हमला किया, जबकि अन्य ने लाठी-डंडों से पीटा। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और कान के कुंडल भी छीन लिए। साथ ही वे उसके प्लाट में जबरन ‘तूड़ा’ (चारा) डालने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बरोदा थाना के अंतर्गत बुटाना चौकी पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज करने के बाद मामले की कड़ियों को जोड़ना शुरू कर दिया है। परिजनों ने महिला को गोहाना अस्पताल में ले जाया गया। बाद में खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार महिला के शरीर पर 7 जगह चोट के निशान मिले हैं, जो किसी कुंद वस्तु के प्रहार से हुए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि उक्त प्लाट की रजिस्ट्री पीड़िता के नाम है, लेकिन दूसरे पक्ष का वहां कब्जा है। यह मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। पुलिस ने मौके पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली है। हालांकि, फोन और कुंडल छीनने की बात अभी तस्दीक में संदिग्ध पाई गई है, लेकिन मारपीट की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मुकेश के बयान पर सुनील, मोहित और सत्यप्रकाश सहित सभी 8 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 190, 191(3), 115(2) और 126(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।
Source link
गोहाना में महिला पर तेजधार हथियार से हमला:प्लॉट विवाद में कोर्ट में चल रहा केस; सुबह पशुओं को बांधने गई थी







