![]()
हिसार के गांव में दंपति की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। सोमवार को पति बलजीत ने पत्नी दर्शना की गला घोंटकर हत्या करने और बाद में खुद फांसी लगा ली थी। इस घटना के बाद परिजनों ने प्रेमिका लक्ष्मी उर्फ पूजा पर उकसाने का आरोप लगाया था, वहीं अब आरोपी महिला लक्ष्मी ने खुद सामने आकर सफाई दी है। लक्ष्मी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उसे बेवजह इस मामले में घसीटा जा रहा है। उसका दावा है कि बलजीत ने पैसों के दबाव के कारण यह कदम उठाया है, जिसमें गांव के सरपंच की भूमिका है। वहीं दूसरी ओर मृतक के भाई संदीप के बयान पर थाना सदर हिसार पुलिस ने धारा 103(1), 61(2) BNS के तहत एफआईआर दर्ज ली है। परिजनों ने आरोप है कि बलजीत का हांसी की लक्ष्मी के साथ 5 साल से अफेयर था और उसी के कहने पर उसने पत्नी का कत्ल कर खुदकुशी की है।
जानिए प्रेमिका ने बलजीत को लेकर क्या-क्या दावे किए… डेढ़ महीने से बात नहीं हुई, लोन को लेकर था विवाद : वहीं लक्ष्मी (पूजा) ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि मैं बिल्कुल बेकसूर हूं। मेरी बलजीत से पिछले डेढ़-दो महीने से कोई बात नहीं हुई थी, उसका फोन बंद आ रहा था। मैंने अपनी और उसकी आईडी पर 50-50 हजार रुपए का लोन लेकर उसे दिया था। पैसों की रिकवरी के लिए मैं हांसी महिला थाने भी गई थी।
महिला थाने में हुई थी पंचायत: लक्ष्मी के अनुसार, 4 जुलाई को उसने थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद 7 जुलाई को महिला थाने में दोनों पक्षों और सरपंच के बीच पंचायत हुई। पंचायत में सरपंच ने आश्वासन दिया था कि 20 जुलाई को आधे पैसे मिल जाएंगे और बाकी पैसे 11वें महीने तक चुकता कर दिए जाएंगे। सरपंच ने कहा था कि अगर बलजीत पैसे नहीं देगा तो वे खुद दिलाएंगे। लक्ष्मी ने बताया कि 18 जुलाई को सरपंच ने आश्वासन दिया था। इसके बाद 20 जुलाई को दोपहर 12 बजे जब उसने सरपंच को फोन किया, तो सरपंच ने सीधे कहा-तू तो अब भीतर जाएगी। 5 साल पहले शादी में हुई थी मुलाकात : लक्ष्मी ने अपने संबंध के बारे में बताते हुए कहा कि उसकी बलजीत से मुलाकात 5 साल पहले एक शादी में हुई थी, जहां बलजीत डीजे बजाता था और वह बर्तन धोने का काम करती थी। लक्ष्मी ने बताया कि उसके पति, सास और ससुर की मौत हो चुकी है। वह अपने दो छोटे बच्चों (8 साल और 10 साल) का पालन-पोषण बर्तन धोकर करती है। कॉल डिटेल की मांग: लक्ष्मी ने कहा, बलजीत 10 दिन में एक बार मेरे पास आता था। पुलिस चाहे तो मेरी कॉल डिटेल निकलवा सकती है, मैं डेढ़ महीने से उसके संपर्क में नहीं थी। घटना के दिन भी मैं काम पर गई हुई थी। अगर वह मेरे कारण सुसाइड करता तो सुसाइड नोट छोड़कर जाता। यह सब पैसों के दबाव के कारण हुआ है। गांव मय्यड स्थित घर में मिले थे शव
सोमवार सुबह मय्यड़ गांव में बलजीत के दो नाबालिग बेटों मोहित (16) और अंशु (14) ने अपने चाचा संदीप को बताया कि उनके माता-पिता के कमरे का दरवाजा बंद है। परिजनों ने जब दरवाजा तोड़ा तो देखा कि बलजीत पंखे से लटका हुआ था और उसकी पत्नी दर्शना (38) बेड पर मृत पड़ी थी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे
मामले की जांच कर रही पुलिस टीम ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवा दिया है। डॉक्टर हरीश और उनकी मेडिकल टीम ने बलजीत और दर्शना के शवों का पोस्टमॉर्टम पूरा कर परिजनों को सौंप दिया है। सदर थाना पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और लक्ष्मी के दावों के साथ-साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाली जा रही है, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
हिसार डबल मर्डर-सुसाइड केस में गर्लफ्रेंड आई सामने:बोली-मुझे फंसाया जा रहा, सरपंच ने पैसों का दबाव बनाया इसलिए बलजीत ने खुदकुशी की







