![]()
गुरुग्राम जिले की विभिन्न पंचायतों में उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 21 अप्रैल से शुरू होगी और 25 अप्रैल तक जारी रहेगी। इच्छुक प्रत्याशी इस अवधि में संबंधित ग्राम पंचायत में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 27 अप्रैल होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि आगामी पंचायत उपचुनावों के सफल और सुचारु संचालन के लिए संबंधित क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) और सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) नियुक्त किए गए हैं। इन अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के सभी चरणों की निगरानी, नामांकन पत्रों की जांच, मतगणना और परिणाम घोषणा तक की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। 28 अप्रैल को होगी नामांकन पत्र की वापसी डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि 28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। प्रशासन द्वारा जिले में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। डीसी ने बताया कि मतदान 10 मई (रविवार) को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित मतदान केंद्र पर ही की जाएगी। यदि पुनर्मतदान (री-पोल) की आवश्यकता पड़ती है, तो इसके लिए 12 मई (मंगलवार) की तिथि निर्धारित की गई है। पुनर्मतदान का परिणाम भी मतगणना के तुरंत बाद घोषित किया जाएगा। पटौदी ब्लॉक के लिए एसडीएम बने रिटर्निंग अधिकारी पटौदी ब्लॉक के गांव बासपदमका में सरपंच पद के चुनाव के लिए एसडीएम पटौदी को रिटर्निंग अधिकारी और तहसीलदार रोहतास को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह फर्रुखनगर ब्लॉक के गांव अलमदी में वार्ड 9 और झांझरोला खेड़ा में वार्ड 2 में पंच पद के लिए उपचुनाव होंगे। इन स्थानों पर एचएसएएमबी के क्षेत्रीय प्रशासक जितेंद्र कुमार को रिटर्निंग अधिकारी और तहसीलदार सज्जन सिंह को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन पंचायतों में होगा चुनाव सोहना ब्लॉक में ग्राम पंचायत बादशाहपुर ठेठर (पंचायत समिति), ग्राम पंचायत खेड़ली लाला (पंचायत समिति), ग्राम पंचायत मण्डावर (पंचायत समिति), ग्राम पंचायत निमोठ (पंचायत समिति) तथा पंच पद के लिए गांव बादशाहपुर ठेठर में वार्ड संख्या 3, बिल्हाका में वार्ड संख्या 6, खूँटपूरी में वार्ड संख्या 7, महेंद्रवाडा में वार्ड संख्या 3, रानीका सिंघोला में वार्ड संख्या 6, रिठोज में वार्ड संख्या 14 तथा सहजावास के वार्ड 1 में उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए एसडीएम अखिलेश यादव को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार शिखा गर्ग को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। गुरुग्राम ब्लॉक के गांव माकड़ौला में वार्ड 9 में पंच पद के लिए चुनावी प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए गुरुग्राम के एसडीएम हितेंद्र कुमार को रिटर्निंग अधिकारी तथा तहसीलदार जगदीश को सहायक रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है।
Source link
गुरुग्राम में 10 मई को होंगे पंचायत चुनाव:21 अप्रैल से नामांकन, 28 को नाम वापसी, 13 मई को होगी वोटों की गिनती






