गुरुग्राम के वीआईपी इलाके गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर सेक्टर-66 में मुख्य सड़क पर सामान से लदे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक आग के गोले में तब्दील हो गया। इस हादसे के बाद व्यस्त मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और एक साइड का ट्रैफिक पूरी तरह थम गया। ट्रक सामान लेकर गोल्फ कोर्स रोड एक्सटेंशन से गुजर रहा था। जब ट्रक सेक्टर-66 में आईएफसी बिल्डिंग के सामने पहुंचा, तभी अचानक उसके केबिन और पिछले हिस्से से भारी मात्रा में काला धुआं निकलने लगा। पीछे से आ रहे अन्य वाहन चालकों ने हॉर्न बजाकर ट्रक ड्राइवर को इसकी चेतावनी दी। धुआं निकलता देख ड्राइवर ने बिना वक्त गंवाए तुरंत सूझबूझ दिखाई और इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। ट्रक के रुकते ही आग की लपटें तेजी से ऊपर उठने लगीं। खतरे को भांपते हुए ड्राइवर ने तुरंत ट्रक का दरवाजा खोला और नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। ड्राइवर के सुरक्षित बाहर निकलते ही ट्रक पूरी तरह से आग की चपेट में आ गया। आसमान में छाया धुएं का गुबार ट्रक से उठने वाली आग की लपटें कई मीटर ऊंची थीं। आसमान में काले धुएं का गुबार बन गया, जिसे कई किलोमीटर दूर से साफ देखा जा सकता था। आईएफसी बिल्डिंग और आसपास के कॉर्पोरेट दफ्तरों में काम करने वाले लोग इस मंजर को देखकर सहम गए। सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों ने आनन-फानन में अपने वाहन रोक लिए, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। सड़क पर लंबा जाम लगा घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। व्यस्त सड़क होने के कारण फायर ब्रिगेड कर्मियों को शुरुआत में पहुंचने में थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन मौके पर पहुंचकर उन्होंने तुरंत मोर्चा संभाला। इस दौरान सड़क पर काफी लंबा जाम भी लग गया। करीब दो घंटे बाद ट्रैफिक सामान्य हो पाया। सारा सामान जलकर राख फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पानी और फोम की बौछार कर आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक ट्रक और उसमें रखा लाखों रुपए का सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। ट्रक ड्राइवर के मुताबिक वह सामान लोड करके फरीदाबाद की तरफ जा रहा था। इसी दौरान ये हादसा हो गया। शॉर्ट सर्किट होने की आशंका शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर अंदेशा जताया जा रहा है कि ट्रक के इंजन में हुए किसी शॉर्ट सर्किट की वजह से यह आग लगी होगी। पुलिस ने सड़क से ट्रक के मलबे को हटाने और यातायात को दोबारा सुचारू करने के लिए क्रेन बुलाई। राहत की बात ये है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Source link
