गुरुग्राम साइबर पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और साइबर धोखाधड़ी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसीपी साइबर गौरव फौगाट (एचपीएस) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 28 मई, 2026 को सेक्टर-37डी स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोसायटी के एक फ्लैट में छापा मारकर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान चरखी दादरी निवासी आदित्य, महेंद्रगढ़ निवासी कपिल, आगरा निवासी सन्नी चाहर और मथुरा निवासी सूरज राजपूत के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ‘reddyanna888’ नामक ऑनलाइन गेमिंग पैनल पर बुकी आईडी के माध्यम से सट्टा संचालित करते थे। वे सोशल मीडिया पर विज्ञापन चलाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। गेम खेलने के लिए क्यूआर कोड के जरिए भुगतान लिया जाता था और बदले में गेमिंग आईडी में पॉइंट जोड़े जाते थे। आरोपियों को कुल रकम का 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था। 14 मोबाइल, 15 बैंक चेकबुक समेत सामान बरामद इस गिरोह को बैंक खातों की किट, सिम कार्ड और क्यूआर कोड व्हाट्सएप के जरिए एक अन्य व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 15 एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, 15 बैंक खातों की चेक बुक-पासबुक, 7 पेमेंट बॉक्स और एक वाई-फाई राउटर बरामद किया है। हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ गैम्बलिंग एक्ट में केस दर्ज सभी आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर दक्षिण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और हरियाणा प्रिवेंशन ऑफ गैम्बलिंग एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य साथियों और मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है। गुरुग्राम पुलिस ने दोहराया है कि साइबर अपराधों को रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
गुरुग्राम में ऑनलाइन सट्टा गैंग का पर्दाफाश:पुलिस ने रेड मारकर 4 आरोपी पकड़े; 14 मोबाइल-15 ATM समेत काफी सामान बरामद
