खन्ना के खटीकां मोहल्ला स्थित जोगिंदर शर्मा पप्पी पार्क में गुरुवार दोपहर करीब 150 साल पुराना एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि एक रिक्शा चालक ने समय रहते फुर्ती दिखाते हुए अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शी सुनील शर्मा ने बताया कि दोपहर करीब ढाई बजे यह पेड़ अचानक टूटकर गिरा। पेड़ गिरने के समय वहां लोगों की आवाजाही कम थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। उसी दौरान एक रिक्शा चालक पेड़ के नीचे से गुजर रहा था। उसने पेड़ को गिरते देख तुरंत रिक्शा छोड़ा और पीछे हटकर अपनी जान बचाई। कुछ सेकंड की देरी से वह गंभीर हादसे का शिकार हो सकता था। पेड़ गिरने से बिजली के खंभे टूट गए सुनील शर्मा ने यह भी बताया कि घटना से कुछ देर पहले ही स्थानीय निवासी सन्नी शर्मा अपने परिवार के साथ उस जगह से निकले थे। पेड़ गिरने से कई बिजली के खंभे टूट गए और बिजली की तारें आसपास के मकानों पर गिर गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, ताकि किसी को करंट न लगे। घटना की जानकारी विदेश दौरे पर गए पंजाब के बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद को दी गई। मंत्री ने तुरंत अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए और बिजली विभाग की टीमों को मौके पर भेजा। इसके बाद क्षतिग्रस्त बिजली लाइनों और खंभों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। रात में राहत कार्यों में बाधा न आए, इसके लिए जनरेटरों की व्यवस्था की गई और नगर काउंसिल ने फ्लड लाइटें लगाईं। प्रशासन ने बिजली विभाग को जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
Source link
खन्ना में 150 साल पुराना पीपल का पेड़ गिरा:रिक्शा ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान, बिजली के खंभे टूटे
