राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस से निलंबित किए गए रतिया विधायक जरनैल सिंह को अब सरकार में अहम तवज्जो मिलती नजर आ रही है। इसके संकेत अब स्थानीय स्तर पर भी साफ दिखाई देने लगे हैं। सोमवार को रतिया में आयोजित होने वाले एक सरकारी कार्यक्रम में जरनैल सिंह को बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया है। जिले में यह पहला अवसर है, जब किसी विपक्षी विधायक को इतने महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनाया गया है। इस कार्यक्रम के दौरान रतिया खंड की विभिन्न गोशालाओं को अनुदान राशि के चेक वितरित किए जाएंगे। यह राशि हरियाणा सरकार द्वारा जारी की गई है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देशों के बाद ही जरनैल सिंह को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल किया गया है। बीजेपी जिलाध्यक्ष होंगे विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम की एक और खास बात यह है कि इसमें बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा और मंडल अध्यक्ष अंकित सिंगला विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। ऐसे में सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि आने वाले समय में जरनैल सिंह सरकारी कार्यक्रमों में लगातार नजर आ सकते हैं। माना जा रहा है कि कांग्रेस से निलंबन के बाद उनके राजनीतिक रुख में आए बदलाव का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। जानिए…इन दिनों कैसे चर्चा में जरनैल सिंह लगातार रतिया में बदल रहे समीकरण फतेहाबाद जिले की एकमात्र अनुसूचित वर्ग के लिए आरक्षित सीट रतिया में लगातार राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं। मौजूदा विधायक जरनैल सिंह जहां बीजेपी सरकार व सीएम नायब सैनी का गुणगान कर रहे हैं। वहीं, पूर्व विधायक लक्ष्मण नापा भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं। बीजेपी सबसे ज्यादा रतिया में ही कमजोर नजर आ रही थी। मगर इन दो घटनाक्रमों ने बीजेपी का ग्राफ बढ़ाने का काम किया है जबकि अब भूपेंद्र हुड्डा के पास रतिया में कोई बड़ा चेहरा नहीं बचा है।
Source link
