![]()
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कुरुक्षेत्र में द किरमच को-ऑपरेटिव सोसायटी के मैनेजर को दोबारा निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला रजिस्ट्रार (डीआर) को आदेश दिए कि जांच पूरी होने तक मैनेजर की बहाली न की जाए। गांव किरमच निवासी राजेश शर्मा की शिकायत पर सुनवाई के दौरान यह सामने आया कि निलंबित मैनेजर को जांच लंबित होने के बावजूद बहाल कर दिया गया था। कैबिनेट मंत्री ने एक अन्य मामले में अंसल सुशांत सिटी के कॉलोनाइजर के खिलाफ केस दर्ज करने और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए। वहीं खाद्य आपूर्ति एवं नागरिक विभाग के 2 निलंबित इंस्पेक्टरों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को भी निर्देशित किया गया। मंगलवार को नए लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित ग्रेवांस कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कृष्ण लाल पंवार ने एजेंडे में शामिल 11 मामलों में से 6 का मौके पर ही निपटारा कर दिया, जबकि शेष 5 मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों और समितियों को आवश्यक निर्देश दिए। गलत तरीके से नियुक्त कर्मचारियों को हटाने के निर्देश कैबिनेट मंत्री ने डीआर को निर्देश दिए कि जिन को-ऑपरेटिव सोसायटियों में नियमों के विरुद्ध नियुक्तियां हुई हैं, वहां ऐसे कर्मचारियों को तत्काल हटाया जाए। यदि हटाए जाने के बाद भी कोई कर्मचारी कार्यरत पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने दी किरमच को-ऑपरेटिव सोसायटी मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा शास्त्री कॉलोनी वार्ड नंबर-4 के नागरिकों, सफाई कर्मचारियों के भुगतान, गांव बिलौना निवासी हर्ष बावा और गांव बारवा निवासी ओम प्रकाश की शिकायतों की सुनवाई कर उनका निपटारा किया गया। अंसल सुशांत सिटी के कॉलोनाइजर के खिलाफ दर्ज होगा केस अंसल सुशांत सिटी के निवासियों की शिकायत पर एसडीएम अमन कुमार द्वारा गठित जांच समिति की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। रिपोर्ट और शिकायतकर्ताओं के पक्ष को सुनने के बाद कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कॉलोनाइजर की कई गंभीर कमियां और अनियमितताएं सामने आई हैं, जिसके कारण कॉलोनी के निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कॉलोनाइजर के खिलाफ शीघ्र केस दर्ज करने और प्रत्येक बिंदु की गहन जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के निदेशक को लिखित रूप में आवश्यक कार्रवाई की सिफारिश भेजने को कहा। एचएसवीपी और जनस्वास्थ्य विभाग को संयुक्त समिति बनाकर कॉलोनी में पेयजल और निकासी व्यवस्था जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। निलंबित इंस्पेक्टरों को जल्द गिरफ्तार करे पुलिस महावीर कॉलोनी, लाडवा निवासी सोनू नारंग की शिकायत पर सुनवाई करते हुए कृष्ण लाल पंवार ने खाद्य आपूर्ति एवं नागरिक विभाग के 2 निलंबित इंस्पेक्टरों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों इंस्पेक्टरों की जमानत याचिका हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी है। पिछली बैठक में भी मामले की जांच में उन्हें शामिल करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उस समय जमानत याचिका लंबित थी। हाउसिंग बोर्ड के पार्क में अवैध निर्माण हटाने के आदेश वेलफेयर सोसायटी की शिकायत और एसडीएम शंभू राठी की जांच रिपोर्ट के आधार पर कैबिनेट मंत्री ने हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1, शाहाबाद मारकंडा स्थित पार्क में अवैध रूप से बनाए गए गेट और खिड़कियां तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। जहां लैंटर डाला गया है, उसे भी हटाने को कहा गया।
Source link
को-ऑपरेटिव सोसायटी के मैनेजर को सस्पेंड करने के आदेश:कुरुक्षेत्र ग्रेवांस की बैठक में मंत्री ने दिखाई सख्ती; बोले-निलंबित इंस्पेक्टरों को जल्द गिरफ्तार करे







