![]()
फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ का संगत पैलेस में आयोजित समारोह के दौरान विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। योजना की शुरुआत के साथ ही कई लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में सरकार की ओर से तीन महीने की राशि भी जमा कर दी गई। समारोह को संबोधित करते हुए स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों के दौरान आम आदमी पार्टी ने जनता से जो भी गारंटियां की थीं, उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार लगातार पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से किए गए वादे को पूरा करते हुए आज पूरे पंजाब में ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ की औपचारिक शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सामान्य वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह, जबकि अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह सम्मान भत्ता दिया जाएगा। पहले चरण में सरकार द्वारा तीन-तीन महीने की राशि एक साथ लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा रही है। आर्थिक और घरेलू खर्चों में भी सहारा मिलेगा-लाभार्थी महिलाएं इस अवसर पर योजना का लाभ प्राप्त करने वाली वीरपाल कौर समेत अन्य महिलाओं ने पंजाब सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन्हें आर्थिक सहारा मिलेगा और घरेलू खर्चों में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां का धन्यवाद करते हुए इस योजना को महिलाओं के कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
Source link
कोटकपूरा में मावां-धियां सत्कार योजना शुरू:महिलाओं के खातों में पहुंची तीन महीने की राशि; स्पीकर संधवां रहे मौजूद







