कैथल के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने उज्जवला योजना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सुरजेवाला ने कहा कि सरकार गरीबों से भी उज्ज्वला सिलिंडर छीनने का अत्याचार कर रही है। देश के 10.33 करोड़ उज्ज्वला योजना (PMUY) धारक महिलाओं पर सरकार ने प्रहार किया है। घरेलू गैस सिलिंडर, कमर्शियल सिलिंडर और छोटे सिलिंडर पर लूट की किस्तों से कहर बरपाया जा रहा है। भाजपाई महंगाई का डायनासोर अब उज्ज्वला योजना के सिलिंडर भी निगल गया है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है। घटाकर चार किए सिलिंडर सुरजेवाला ने कहा कि 8 अगस्त 2025 को ही उज्जवला योजना में साल भर में मिलने वाले सिलिंडर की संख्या 12 से घटकर 9 की गई थी और अब 9 से भी घटाकर 4 कर दिया। उज्ज्वला योजना में शामिल देश के 10.33 करोड़ गरीब महिलाओं को केंद्र सरकार द्वारा प्रति LPG सिलिंडर पर 300 सब्सिडी दी जाती है, मगर अब उज्ज्वला सिलिंडर की संख्या 12 से घटते घटते 4 पर आ गई है। अब 8 सिलिंडर पर 300 के हिसाब से हर परिवार पर 2400 रुपए का बोझ बढ़ गया है। साल के 8 सिलिंडर छीनकर भाजपा सरकार ने अब हर परिवार पर 2400 के हिसाब से 10.33 करोड़ महिलाओं पर कुल 2479 करोड़ रुपए का बोझ बढ़ा दिया है। 3 महीने और 2 किस्तों में घरेलू गैस सिलिंडर पर 89 की बढ़ोतरी से घरेलू सिलिंडर 942 का हो गया है। भाजपाई लूट की किस्तें और बढ़ती हैं तो उज्ज्वला योजना के करोड़ों गरीब परिवारों पर महंगाई का बोझ और बढ़ता जाएगा। तेल कंपनियां लगातार मुनाफा कमा रही सुरजेवाला ने कहा कि डीजल, पेट्रोल, सीएनजी, कमर्शियल और छोटे सिलिंडर पर किश्तों में बढ़ती भाजपाई वसूली से महंगाई की चौतरफा मार हाहाकार मचा रही है। तेल कंपनियां लगातार मुनाफे पर मुनाफा कमा रही हैं और सारा मुनाफा अपनी तिजोरियों में भरकर बीजेपी एंड कंपनी एक के बाद एक महंगाई की किस्तें लादकर जनता का दम घोंट रही है। उन्होंने इस पर रोक लगाने की मांग की है।
Source link
