![]()
कैथल के गांव बाकल में नहर में डूबने से हुई 22 वर्षीय युवक नितिन की मौत के मामले में अब पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज की है। अब पुलिस की तीन टीमें मामले की जांच करेंगी। इन टीमों में पूंडरी थाना पुलिस, सीआईए और डीएसपी सुशील कुमार की टीम को जांच के लिए लगाया गया है। एसपी के आदेश पर तीनों टीमों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। दूसरी ओर मृतक की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी डूबने से मौत की पुष्टि तो हुई है, लेकिन उसे डुबोया गया है या नहीं, इस बात का जांच में पता लग पाएगा। दोस्तों और मौके पर मौजूद लोगों से होगी पूछताछ इन टीमों की ओर से जहां युवक के साथ नहर पर शराब पीने वाले उसके दोस्तों से पूछताछ की जाएगी, वहीं परिजनों के अनुसार मौके पर बताए गए लोगों को भी पुलिस टीमें जांच में शामिल कर उनसे पूछताछ करेंगी। हालांकि शुरू में पूडरी पुलिस ने एस मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की थी, लेकिन बाद में जब परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए तो पुलिस ने मामले की दोबारा जांच शुरू की है। अब इन टीमों द्वारा मामले की गहराई से जांच की जाएगी, उसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में एसपी कैथल मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि मामले की जांच के लिए डीएसपी सहित तीन टीमों को लगा दिया गया है। युवक के साथियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जाएगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जानिए पूरा मामला बता दें कि नितिन बीते सप्ताह दो अन्य युवकों के साथ नहर पर गया था, जहां पर इन तीनों ने मिलकर शराब पी। मामले में पुलिस ने कहा कि शराब पीने के बाद युवक का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। नहर में करीब 2 फुट पानी था, जिसके कारण युवक उसमें डूब गया और उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि युवक दिहाड़ी मजदूरी करता था। परिवार में माता पिता के अलावा एक भाई है। माता-पिता भी मेहनत मजदूरी करते हैं। परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए एसपी कैथल से मामले की दोबारा जांच करने की मांग की। साथ ही आरोपियों को पकड़ने की भी मांग की। इस पर कार्रवाई करते हुए एसपी ने तीन टीमों को जांच में लगाया है।
Source link
कैथल में युवक का नहर में डूबने का मामला:तीन टीमें करेंगी जांच, एसपी ने दिए आदेश, हत्या का है आरोप







