कैथल में ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से एक करीब 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति सुबह करीब 5:00 बजे नए रेलवे हाल्ट के नजदीक रेलवे लाइन से गुजर रहा था। जैसे ही वह लाइन को क्रॉस करने लगा तो अचानक इंजन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पूंडरी के रहने वाले 65 वर्षीय साहब सिंह के रूप में हुई है। पास में कीपैड मोबाइल मिला तो पहचान हुई
मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत जीआरपी पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। वहीं मृतक के पास एक कीपैड मोबाइल भी मिला, जिससे जीआरपी टीम ने कॉल किया तो वह कॉल मृतक व्यक्ति के दामाद के पास मिला और उन्होंने उसकी फोटो मंगवा कर पहचान एवं पुष्टि की।
जीआरपी चौकी से जांच अधिकारी करण सिंह ने बताया कि सुबह उनकी टीम को सूचना मिली थी की नई रेलवे हाल्ट के पास हादसा हुआ है। टीम मौके पर पहुंच गई। वहां पर काफी लोग इकट्ठे हो गए थे। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया गया है। मानसिक रूप से परेशान था
परिवार से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि साहब सिंह मानसिक रूप से थोड़ा परेशान था। जिस कारण वह रात को घर से निकल गया था और कैथल आ गया। यहां रेलवे हाल्ट के नजदीक वह रेल के इंजन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में इत्तेफाकिया मौत की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कैथल में ट्रेन इंजन की टक्कर से व्यक्ति की मौत:नई रेलवे हाल्ट के पास हादसा, पूंडरी का रहने वाला
