![]()
कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा के गांव बडोंदी में लगातार बारिश के चलते एक मकान का 15×15 फुट का लेंटर गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे का पता उस समय चला, जब मंगलवार सुबह उनका बेटा चाय लेकर कमरे में पहुंचा। उसने देखा कि पूरा लेंटर गिरा हुआ है और उसके माता-पिता मलबे के नीचे दबे हैं। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में लगातार बारिश के कारण खेत की ओर बनी पिछली दीवार धंसने से हादसा होना सामने आया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान करनेल सिंह (50) और उनकी पत्नी जसविंद्र कौर (45) के रूप में हुई है, जोकि खेती की जमीन ठेके पर लेकर अपना गुजर बसर करते थे और उनके पास तीन बच्चे थे। सुबह बेटे ने देखा, तो मची चीख-पुकार ग्रामीण देवेंद्र सिंह ने बताया कि करनेल सिंह और जसिवंद्र कौर खेत के पास बने बाड़े में सोया करते थे। रोजाना की तरह मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे दंपती का बेटा अपने माता-पिता के लिए चाय लेकर कमरे में पहुंचा। वहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। पूरा लेंटर जमीन पर गिरा हुआ था और माता-पिता मलबे के नीचे दबे हुए थे। बेटे के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। हथौड़े और कटर से काटा लेंटर ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू शुरू कर दिया। हथौड़े और कटर की मदद से कंक्रीट के लेंटर को काटा गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद करनेल सिंह और जसविंद्र कौर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद एंबुलेंस से दोनों के शव अस्पताल पहुंचाए गए। खेत वाली दीवार धंसने से हुआ हादसा बताया जा रहा है कि जिस कमरे में दंपती सो रहे थे, उसकी पिछली दीवार सीधे खेत की तरफ थी। लगातार बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो गई और दीवार नीचे धंस गई। दीवार गिरते ही उसके ऊपर टिका 15×15 फुट का पूरा लेंटर भी भरभराकर नीचे आ गिरा, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। ठेके पर खेती कर चलाते थे परिवार मृतक करनेल सिंह और उनकी पत्नी ठेके पर खेती लेकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार आर्थिक रूप से बेहद साधारण था। उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और दो बेटियां हैं। माता-पिता की एक साथ मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। गांव में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार कुछ समय पहले ही परिवार पर एक और बड़ा संकट आया था। दंपती की एक बेटी की बाजू घास काटने वाली मशीन की चपेट में आने से कट गई थी। उस हादसे से परिवार अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाया था कि अब यह दर्दनाक घटना हो गई। मामले की जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह लगातार बारिश के कारण दीवार का धंसना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link







