कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा में पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2 अवैध देसी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस और ट्रांसफार्मर चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद हुए। आरोपी की पहचान जिला यमुनानगर के मोहड़ी के रहने वाले आदिल के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से बिना कागजात की एक बाइक भी बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, सीआईए-लाडवा की टीम जब इंद्री चौक, लाडवा के पास पहुंची तो एक मुखबिर ने सूचना दी कि एक युवक बाइक पर अवैध हथियार और चोरी के औजार लेकर यमुनानगर से कुरुक्षेत्र की ओर आ रहा है। मंडी गेट पर लगाया नाका सूचना पर पुलिस टीम ने अनाज मंडी गेट के सामने नाका लगाकर जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद बताई गई बाइक आती दिखी। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन युवक बाइक को मोड़कर वापस भागने लगा। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को बाइक सहित काबू कर लिया। बैग से मिले देसी कट्टे पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आदिल के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके बैग से ट्रांसफार्मर खोलने के औजार, जिनमें चाबियां, पाने, पेंचकस, आरी के ब्लेड और सरिया बरामद हुए। इसके अलावा बैग से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले। आदिल की पैंट से एक और देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ। लाडवा में केस दर्ज सीआईए-लाडवा के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि आदिल के खिलाफ थाना लाडवा में ARMS एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आदिल से पूछताछ चल रही है। आदिल का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। मौके पर आरोपी पकड़ी गई बाइक के कागजात भी नहीं दिखा सका। पुलिस ने बाइक भी कब्जे ली है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेंगे।
Source link
