करनाल जिले के घरौंडा में हरियाणा बिजली वितरण निगम के अनुबंधित कर्मचारियों ने सब डिविजन-सब अर्बन के एसडीओ के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने गेट मीटिंग कर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि बिना अनुभव वाले कर्मचारियों को फील्ड में भेजा जा रहा है, जिससे उनकी सुरक्षा और बिजली व्यवस्था दोनों पर खतरा मंडरा रहा है। एसडीओ के आदेशों पर उठाए सवाल प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष दिनेश राणा, जिला उपाध्यक्ष सुनील हुड्डा, जिला सचिव सुमित मक्कड़, उपमंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, उपमंडल उपाध्यक्ष अमित, सचिव सचिन पुनिया, वीरेंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। एसडीओ द्वारा असिस्टेंट लाइनमैन (एएलएम) कर्मचारियों को उनकी जॉइनिंग की तारीख से ही शिफ्ट अटेंडेंट (एसए) के रूप में काम करने के आदेश दिए गए हैं, जबकि इन कर्मचारियों को फील्ड का अनुभव नहीं है। सुरक्षा और व्यवस्था पर खतरे की आशंका कर्मचारियों का कहना है कि यह फैसला न केवल अनुचित है, बल्कि इससे कर्मचारियों की जान को भी खतरा है। साथ ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बताया कि एएलएम को एसए पद पर भेजने का मामला अभी यूएचबीवीएन पंचकूला के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के विचाराधीन है, इसके बावजूद आदेश लागू करना मनमानी है। HKRN कर्मचारियों के साथ भेदभाव प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एचकेआरएन के तहत काम करने वाले कर्मचारियों को जोखिम भरे कामों में लगाया जा रहा है, जबकि पक्के कर्मचारियों को दफ्तरों में बैठाया जा रहा है। इससे विभाग की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ यूनियनों के दबाव में यह निर्णय लिया गया है, जो गलत है। धान सीजन में बढ़ा खतरा कर्मचारियों ने कहा कि इस समय धान का सीजन चरम पर है। ऐसे में अनुभवहीन कर्मचारियों को फील्ड में भेजना उनके जीवन को खतरे में डालने जैसा है और इससे विभागीय कार्य भी प्रभावित होगा।
Source link
