Related Posts

गुरुग्राम में थाने के बाहर सुसाइड से पहले बनाया वीडियो:गर्लफ्रेंड पर धोखा देने का आरोप, नशे की गोली और पेट्रोल लेकर पहुंचा था




गुरुग्राम में सेक्टर-40 पुलिस थाने के ठीक बाहर बुधवार रात पेट्रोल छिड़कर लगाकर आत्मदाह करने वाले 24 वर्षीय अंकित का सुसाइड से पहले का वीडियो सामने आया है। वीडियो में उसने अपनी गर्लफ्रेंड पर धोखा देने और थाने में झूठी शिकायत देने का आरोप लगाया है। मरने से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में उसने साफ-साफ कहा कि आज मैं उस स्टेज पर खड़ा हूं जहां मरने के अलावा कोई और रास्ता नहीं बचा है। लड़की ने मुझ पर झूठे आरोप लगाए हैं, वह मुझे फंसाने की कोशिश कर रही है। मैं उसे तीन साल से रखे हुए हूं और उसका खर्चा उठा रहा हूं। उसने मेरे से रुपए भी लिए है। अंकित ने यह वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर डाला और परिवार वालों को भी भेज दिया। गुरुवार देर रात उसकी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद परिजन सेक्टर-40 थाने पहुंचे और लड़की के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की शिकायत दी। साथ ही पुलिस से कहा कि सारी वीडियो और सीसीटीवी को खंगाला जाए और जांच करके कानूनी कार्रवाई करें। उत्तरप्रदेश का रहने वाला चंडीगढ़ में टैक्सी का काम अंकित यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सीतापुर गांव का रहने वाला था। वह टैक्सी ड्राइवर का काम करता था और इस समय चंडीगढ़ में रह रहा था। परिवार के अनुसार अंकित का पिछले चार वर्षों से फतेहपुर जिले की एक युवती से फ्रेंडशिप थी। दोनों गुरुग्राम में काफी महीनों तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी साथ रहा। कुछ महीने पहले युवती गुरुग्राम के सेक्टर-31 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने के लिए आ गई। अंकित नियमित रूप से उससे मिलने गुरुग्राम आता रहता था। 20 दिन पहले गर्लफ्रेंड के अफेयर का पता चला करीब 20 दिन पहले अंकित को जानकारी मिली कि उसकी प्रेमिका का दूसरे व्यक्ति से अफेयर चल रहा है। इस बात पर दोनों के बीच तीखी अनबन शुरू हो गई। बुधवार को अंकित युवती को चंडीगढ़ ले जाने के इरादे से कार लेकर सेक्टर-31 पहुंचा। उसने युवती के कमरे का कुछ सामान अपनी कार में रख लिया। लड़की ने पुलिस ने कंप्लेंट की इस पर युवती बिफर गई और तुरंत सेक्टर-40 थाने में अंकित के खिलाफ परेशान करने तथा सामान चोरी करने की शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अंकित को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। अंकित फोन पर परिवार को पूरी बात बताते हुए थाने के पास पहुंचा। उसने कार थाने से मात्र 20 कदम दूर सड़क किनारे खड़ीकी। खुद पर पेट्रोल छिड़का और लाइटर से लगाई आग प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अंकित के हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। वह कार से उतरा, खुद पर पेट्रोल छिड़का और लाइटर जलाकर आग लगा ली। उसकी चीखें सुनकर थाने की पुलिस टीम और आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने कपड़े, पानी और मिट्टी डालकर किसी तरह आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से झुलसे अंकित को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस निष्पक्षता से जांच करेगी इस संबंध में सेक्टर-40 थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि युवक थाने के अंदर नहीं गया था। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। मामले की गहन जांच चल रही है। युवती से भी विस्तार से पूछताछ की जाएगी और परिवार के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें