![]()
करनाल जिले के तरावड़ी में दयानगर के पास चापड़ा पुल की ओर जाने वाली नहर की पटरी के किनारे स्थित एक पॉली हाउस के पास खेतों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव सड़ी-गली हालत में मिला है। शव से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण आसपास काम कर रहे लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए मोर्चरी में भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, पॉली हाउस में काम कर रही कुछ महिलाओं को अचानक तेज बदबू महसूस हुई। शुरुआत में उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन जब दुर्गंध लगातार बढ़ती गई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने नहर की पटरी के साथ खेतों के किनारे झाड़ियों में पड़े शव को बरामद किया। कई दिन पुराना लग रहा शव प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शव काफी हद तक गल-सड़ चुका था और शरीर पर कीड़े रेंग रहे थे। हालत को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि शव कई दिनों से वहीं पड़ा हुआ था। दुर्गंध इतनी अधिक थी कि आसपास मौजूद लोगों के लिए वहां खड़ा रहना भी मुश्किल हो गया। पहचान नहीं, जांच जारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटा रही है और पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। प्राथमिक जांच में पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। एएसआई सुभाष चंद्र का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
करनाल में नहर किनारे मिला व्यक्ति का शव:सड़ी-गली हालत में, रेंग रहे थे कीडे़, बदबू आने पर महिलाओं ने दी पुलिस को सूचना







