![]()
करनाल जिले में नीलोखेड़ी के पास जीटी रोड पर सोमवार को सड़क पार करते समय एक साईकिल सवार व्यक्ति को तेज रफ्तार टेंपो ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और टेंपो पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, टेंपो को सीधा कराया और यातायात सुचारू करवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइकिल लेकर पैदल जा रहा था मृतक की पहचान 55 वर्षीय दिलीप पासवान के रूप में हुई है। वह नीलोखेड़ी में अपने बेटे के पास रह रहा था और मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। सोमवार को दिलीप पासवान अपनी साइकिल के साथ पैदल जीटी रोड पार कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आए टेंपो ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। परिजन ने ड्राइवर पर लगाए आरोप मृतक के बेटे प्रदीप ने बताया कि उसके पिता मजदूरी करते थे। वह सड़क पार कर रहे थे। उसने आरोप लगाया कि टेंपो चालक नशे की हालत में था और तेज गति से वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने संभाली स्थिति, जांच जारी जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दिलीप पासवान की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
करनाल में टेंपो की टक्कर से व्यक्ति की मौत:टेंपो पलटा, सड़क पार करते वक्ता हादसा; बेटा बोला- नशे में था ड्राइवर







