![]()
हरियाणा के एक युवक की हरिद्वार में लड़की से मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पिटाई कर दी। युवक के मुस्लिम होने की जानकारी मिलने पर कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और उस पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए मारपीट की। बताया जा रहा है कि लड़की और युवक काफी समय से एक-दूसरे को जानते थे और अच्छे दोस्त थे। इसी सिलसिले में युवक लड़की से मिलने पहुंचा था। आरोप है कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक के गले में कुत्ते का पट्टा डाल दिया और उसे खंभे से बांध दिया। इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि भीड़ और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसका सिर फट गया। युवक मदद की गुहार लगाता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ थाने ले गई। मामले से जुड़े PHOTOS… सिलसिलेवार जानिए क्या है पूरा मामला… 1. हरियाणा के करनाल का शादाब दोस्त से मिलने आया- युवक की पहचान शादाब (28) के रूप में हुई, जो मूल रूप से करनाल का रहने वाला है। शादाब हरिद्वार के सिडकुल के एक अस्पताल में काम करता है। रविवार को गणपति धाम (कनखल थाना क्षेत्र) में अपनी एक परिचित लड़की से मिलने उसके घर पहुंचा था। जानकारी के अनुसार, युवक और लड़की अलग-अलग समुदाय से हैं और दोनों के बीच पिछले कई सालों से दोस्ती है। 2. बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का धावा और बर्बरता- युवक के घर पर होने की भनक लगते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता और कुछ स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। वे जबरन घर में घुसे और युवक पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने युवक को बेरहमी से पीटने के बाद उसके गले में कुत्ते का पट्टा डाल दिया और उसे सड़क पर एक खंभे से बांध दिया। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ और कार्यकर्ताओं की पिटाई के कारण युवक का सिर फट गया। वह लगातार मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन हंगामा चलता रहा। 3. पुलिस की एंट्री और रेस्क्यू- घटना और तनावपूर्ण माहौल की सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को उग्र भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस युवक को अपने साथ थाने ले गई और तुरंत उसका प्राथमिक इलाज कराने के साथ ही मेडिकल टेस्ट भी करवाया। 4. कानूनी कार्रवाई और जांच की स्थिति- इस मामले में पीड़ित लड़की की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। इसके आधार पर पुलिस ने हमला करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बोली- आरोपियों पर जल्द एक्शन लेंगे घटना के दौरान कुछ लोगों ने वीडियो भी बनाए जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। कनखल थाने के एसएसआई अनुज सिंह के मुताबिक, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Source link
करनाल के मुस्लिम युवक को हरिद्वार में पीटा:लड़की से मिलने गया था; बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कुत्ते का पट्टा पहनाकर खंभे से बांधा, सिर फोड़ा







