![]()
कपूरथला जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में उपायुक्त (DC) आकाश बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव तूरा ने संयुक्त रूप से नडाला और बेगोवाल की कोऑपरेटिव सोसाइटियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से पराली न जलाने की अपील की। दौरे के दौरान, अधिकारियों ने नडाला के पास एक खेत में पराली जलती हुई देखी। उन्होंने तुरंत अपना काफिला रुकवाया और मौके पर खड़े होकर आग बुझाने की कार्रवाई का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को तत्काल आग पर काबू पाने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। DC ने किसानों को किया संबोधित किसानों को संबोधित करते हुए उपायुक्त आकाश बंसल ने बताया कि पंजाब सरकार ने कोऑपरेटिव सोसाइटियों को आधुनिक कृषि मशीनरी उपलब्ध कराई है। उन्होंने किसानों से पराली जलाने के बजाय मल्चर और रोटावेटर जैसी मशीनों का उपयोग करके इसे खेतों में ही मिलाने का आग्रह किया। उन्होंने कपूरथला के लिए संदीप सिंह (85271 11124) और भुलत्थ सब-डिवीजन के लिए जोबनजीत सिंह (89686 41990) को मशीनरी के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने की जानकारी दी। DC ने यह भी स्पष्ट किया कि पराली जलाने से मिट्टी के लाभकारी कीट नष्ट हो जाते हैं और जमीन की उर्वरता घटती है, जिससे अगली फसल की पैदावार पर सीधा असर पड़ता है। वहीं, SSP गौरव तूरा ने कहा कि पंजाब सरकार और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत पराली जलाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सैटेलाइट के जरिए हर घटना पर नजर रखी जा रही है। SSP ने किसानों को चेतावनी दी कि यदि कोई भी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कपूरथला में DC-SSP ने जलती पराली बुझवाई:डीसी बोले- मशीनों का करें उपयोग, SSP ने दी चेतावनी- नियम तोड़े तो होगी एफआईआर







