![]()
सोनीपत के मुरथल जीटी रोड पर हाईवे किनारे वाहनों को निशाना बनाने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय नजर आया है। महंगी कारों का शीशा तोड़कर कुछ ही मिनटों में कीमती सामान चोरी करने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला मुरथल स्थित बीकानेर होटल के बाहर का है, जहां नोएडा निवासी कारोबारी की ऑडी कार का शीशा तोड़कर करीब 1.17 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। पूरी वारदात होटल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें दो युवक बाइक पर आते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक बाइक से उतरकर कार का शीशा तोड़ता है, सामान निकालता है और दोनों मौके से फरार हो जाते हैं। खास बात यह है कि मुरथल के ढाबों और होटलों के बाहर इस तरह की यह लगातार दूसरी बड़ी वारदात है, जिससे साफ है कि हाईवे पर वाहन चालकों को निशाना बनाने वाला गिरोह लगातार सक्रिय है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
बीकानेर होटल में नाश्ता करने गया था पीड़ित
नोएडा के सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी में रहने वाले हेमंत गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 जुलाई की सुबह करीब 8:15 बजे अपनी काली रंग की ऑडी Q5 (UP16DN2327) से किसी काम के सिलसिले में करनाल जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने मुरथल जीटी रोड पर बीकानेर होटल (सुविधा आउटलेट के पास) में नाश्ता करने के लिए कार पार्किंग में खड़ी की और होटल के अंदर चले गए। कुछ देर बाद जब वापस लौटे तो कार की ड्राइवर सीट के पीछे वाली खिड़की का शीशा टूटा हुआ मिला। बैग में था लैपटॉप, नकदी, कार्ड और जरूरी दस्तावेज पीड़ित ने कार की जांच की तो उसमें रखा बैग गायब मिला। बैग में ASUS ZenBook-14 लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, पावर बैंक, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, करीब 15 हजार रुपये नकद तथा व्यक्तिगत दस्तावेजों वाली डायरी रखी हुई थी। पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.17 लाख रुपये बताई गई है। CCTV में कैद हुई पूरी वारदात घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है। फुटेज में दो युवक बाइक पर होटल के बाहर आते दिखाई देते हैं। इनमें से एक युवक बाइक से उतरकर कुछ ही सेकंड में ऑडी कार का शीशा तोड़ता है, अंदर रखा बैग निकालता है और तुरंत बाइक पर बैठकर साथी के साथ फरार हो जाता है। पूरी वारदात बेहद कम समय में अंजाम दी गई, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहे थे और पेशेवर तरीके से चोरी कर रहे हैं। हाईवे पर लगातार दूसरी वारदात, सक्रिय गिरोह पर बढ़ी चिंता मुरथल के ढाबों और होटलों के बाहर इस तरह की चोरी की यह लगातार दूसरी बड़ी घटना सामने आई है। इससे यह आशंका मजबूत हो गई है कि हाईवे पर वाहन चालकों की गतिविधियों पर नजर रखने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय है। आरोपी विशेष रूप से उन वाहनों को निशाना बना रहे हैं जिनके चालक खाने या आराम के लिए कुछ समय के लिए होटल या ढाबे में जाते हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले गाड़ी में पेंचर होने को लेकर गुमराह कर वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश शुरू हेमंत गुप्ता की शिकायत पर मुरथल थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। जांच अधिकारी का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
Source link
ऑडी कार का शीशा तोड़कर 1.17 लाख की चोरी:कारोबारी ने नाश्ते के लिए गाड़ी होटल पर रोकी थी; कुछ मिनटों में वारदात, CCTV में कैद







