लुधियाना के थाना डाबा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए एक शातिर ठग को रंगे हाथों दबोच लिया। यह आरोपी भोले-भाले लोगों को झांसा देकर एटीएम (ATM) कार्ड बदल लेता था और उनके खातों से पैसे उड़ा देता था। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेश कुमार निवासी ग्यासपुरा के रूप में हुई है। गुस्साए लोगों ने आरोपी को पकड़कर पहले उसकी जमकर छितर-परेड की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके पास से भारी मात्रा में संदिग्ध सामान बरामद किया है। मदद के बहाने करता था ठगी, लोगों ने रंगे हाथों पकड़ा मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राजेश कुमार काले रंग की पल्सर प्रो बाइक पर सवार होकर डाबा इलाके में एक एटीएम के पास मंडरा रहा था। वह ऐसे लोगों को निशाना बनाता था जिन्हें एटीएम चलाना नहीं आता था। जब कोई व्यक्ति पैसे निकालने आता और उसका कार्ड मशीन में नहीं लगता, तो राजेश मदद के बहाने उसका कार्ड अपने हाथ में ले लेता था। इसी दौरान वह बड़ी चालाकी से कार्ड बदल देता था। आज भी वह इसी तरह एक व्यक्ति को चूना लगाने की फिराक में था, लेकिन वहां मौजूद लोगों को उसकी हरकतों पर शक हो गया। जब लोगों ने उसे घेरा और उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 25 से 30 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और अलग-अलग वाहनों के दस्तावेज बरामद हुए। इतना ही नहीं, आरोपी के पास से एक छोटा चाकू भी मिला है, जिसका इस्तेमाल वह शायद विरोध करने वालों को डराने के लिए करता था। भीड़ ने बनाया वीडियो, फिर की जमकर धुनाई आरोपी की इस करतूत को देखकर मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों ने पहले तो आरोपी को पकड़कर उसकी ठगी का वीडियो बनाया, जिसमें वह अपनी गलती मानता दिख रहा है। इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। अभी हाल ही में जेल से छूटकर आया है आरोपी थाने लाकर जब पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार से कड़ाई से पूछताछ की, तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। आरोपी ने कुबूल किया कि वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और कुछ समय पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया है। जेल से बाहर आते ही उसने दोबारा ठगी का धंधा शुरू कर दिया। हालांकि,जब पुलिस ने उससे बरामद हुए 25-30 एटीएम कार्डों और अन्य दस्तावेजों के बारे में पूछा, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस कर रही है पीड़ितों की तलाश, होगी सख्त कार्रवाई थाना डाबा पुलिस ने आरोपी की पल्सर बाइक, चाकू और सभी एटीएम कार्ड जब्त कर लिए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये एटीएम कार्ड किन-किन लोगों के हैं और आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन कार्ड्स के मालिकों से संपर्क किया जा रहा है। जैसे ही पीड़ितों की शिकायत दर्ज होती है, आरोपी के खिलाफ ठगी, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
