लुधियाना के पॉश इलाके बाड़ेवाल रोड स्थित रिवर डेल से एक हैरान कर देने वाला ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक डॉक्टर ने अपने 82 वर्षीय बीमार पिता की देखभाल के लिए जिस केयरटेकर को काम पर रखा था, उसी ने उनके साथ बड़ी धोखाधड़ी कर डाली। शातिर केयरटेकर ने बुजुर्ग का मोबाइल सिम और SBI का ATM कार्ड चुरा लिया और UPI (गूगल पे) के जरिए अलग-अलग खातों में करीब 3 लाख 90 हजार रुपए ट्रांसफर कर लिए।
सराभा नगर पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है। पिता की दिमागी हालत ठीक नहीं थी, इसलिए रखा था केयरटेकर बाड़ेवाल रोड के रहने वाले शिकायतकर्ता डॉ. शशिकांत महाजन ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उनके पिता की उम्र 82 साल है और वे दिमागी रूप से बीमार रहते हैं। पिता की अच्छी तरह से देखभाल हो सके, इसके लिए उन्होंने फिरोजपुर के मल्लां वाला के रहने वाले इंदरजीत सिंह को बतौर केयरटेकर काम पर रखा था। रात के समय निकाला फोन से सिम, ऐसे दिया वारदात को अंजाम डॉ. शशिकांत के मुताबिक,15 जुलाई 2026 की रात को केयरटेकर इंदरजीत ने उनके पिता के फोन से उनका सिम कार्ड (मोबाइल नंबर- 988863****) चुपके से निकाल लिया। इसके साथ ही उसने पिता का SBI बैंक का ATM कार्ड भी चुरा लिया।
शातिर केयरटेकर ने वह सिम अपने मोबाइल फोन में डाला और गूगल अकाउंट चालू करके UPI एक्टिवेट कर लिया। इसके बाद 16 जुलाई से लेकर 22 जुलाई 2026 के बीच,उसने बड़ी ही चालाकी से अलग-अलग बैंक खातों में लगभग 3,90,000/- (तीन लाख नब्बे हजार रुपये) ट्रांसफर कर लिए। पैसे उड़ाने के बाद से ही काम पर नहीं आया आरोपी लाखों रुपयों का यह हेरफेर करने के बाद से ही आरोपी इंदरजीत सिंह काम पर नहीं लौटा और वहां से फरार हो गया। जब बैंक खातों से पैसे कटने और धोखाधड़ी का पता चला, तो डॉ. महाजन ने तुरंत पुलिस को इस मामले की शिकायत दी। सराभा नगर थाने में FIR दर्ज, पुलिस कर रही तलाश सराभा नगर थाने की पुलिस ने 26 जुलाई 2026 को आरोपी इंदरजीत सिंह के खिलाफ BNS की धारा 306 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले की जांच हेड कांस्टेबल (HC) गिरजा शंकर कर रहे हैं। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
Source link
लुधियाना में डॉ के पिता से ठगी:82 साल के बुजुर्ग का सिम और ATM चुराकर केयरटेकर ने उड़ाए 3.90 लाख रुपए, UPI से किया फ्रॉड
