![]()
पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उकलाना क्षेत्र के गांव सुरेवाला स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में व्यापक पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान का शुभारंभ बरवाला के सब डिवीजनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (एसडीजेएम) राकेश कुमार तथा ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सुनील कुमार ने विद्यालय परिसर में पौधे रोपकर किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय पहुंचने पर दोनों न्यायिक अधिकारियों का सरपंच जयपाल उर्फ बानी पहलवान, पूर्व सरपंच बलबीर सिंह, पूर्व सरपंच संदीप पातड़, विद्यालय प्रबंधन समिति के साहबराम, रामदिया एवं नानूराम ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय के मुख्याध्यापक ईश्वर सिंह सहित समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों ने शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। प्रकृति की रक्षा ही भविष्य की सुरक्षा : एसडीजेएम इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए एसडीजेएम राकेश कुमार ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ता तापमान, प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र आज पूरी मानवता के सामने गंभीर चुनौती बन चुके हैं। ऐसे समय में पौधारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक परिपक्व वृक्ष केवल छाया ही नहीं देता, बल्कि जीवनदायी ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण, वर्षा संतुलन और जैव विविधता का आधार भी बनता है। यदि प्रत्येक नागरिक प्रतिवर्ष एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे, तो पर्यावरण संरक्षण का अभियान जनआंदोलन बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कम से कम एक फलदार या छायादार पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। पौधों की देखभाल भी परिवार की तरह करें ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सुनील कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह प्रत्येक परिवार की जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माता-पिता अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं, उसी आत्मीयता से पौधों की देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धरती को हरा-भरा रखना आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य में हमारा सबसे बड़ा निवेश है। पेड़ बचेंगे तो जल, वायु और जीवन भी सुरक्षित रहेगा। विद्यार्थियों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों को पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में कार्यक्रम के बाद दोनों न्यायिक अधिकारी अधिवक्ताओं के साथ गांव के प्रसिद्ध बाला जी मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना करने के उपरांत मंदिर परिसर में भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। ग्राम पंचायत चलाएगी लगातार अभियान सरपंच जयपाल उर्फ बानी पहलवान ने कहा कि ग्राम पंचायत समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहती है। पौधारोपण अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी गांव के शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत, विद्यालय परिवार एवं बाला जी मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से दोनों न्यायिक अधिकारियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बरवाला लीगल एड से एडवोकेट दीपक मसीह, रमन वर्मा, प्रशांत शर्मा, सुशील वर्मा, सक्षम सिंगला, बरवाला बार एसोसिएशन की उपाध्यक्ष पूजा ढाका, विकास कुमार, अशोक गोयल, पूजा जैन, दुष्यंत नैन, सावन वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
Source link







