![]()
श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए पंजाब के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। आज यानि बुधवार को लखनपुर पहुंचने वाले पहले जत्थे का लेजर शो और शिव तांडव से भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए बकायदा पंडाल सजाया गया है। वहीं, इस बार बाबा बर्फानी के भक्तों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पंजाब ही नहीं लखनपुर से लेकर जम्मू तक अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम और कड़े यातायात नियम लागू किए गए हैं।
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए साफ कर दिया गया है कि सभी यात्री वाहन केवल नेशनल हाईवे-44 (NH-44) से ही ‘सुरक्षा काफिला प्रणाली’ (कन्वॉय सिस्टम) के तहत आगे बढ़ेंगे। किसी भी यात्री वाहन को धार रोड से शॉर्टकट लेने की अनुमति नहीं होगी। जो वाहन चालक लिंक रोड या शॉर्टकट अपनाएंगे, उन्हें रास्ते से वापिस मोड़ दिया जाएगा।
वहीं, इस बार श्रद्धालुओं को लखनपुर से ‘वन टाइम टोकन’ लेने के बाद बार-बार दस्तावेजों की जांच के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। लखनपुर यात्रा रिसेप्शन सेंटर पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जिसपर लगी एलईडी में भक्तों को यात्रा संबंधित टिप्स लेकर अन्य जरूरी जानकारियां लखनपुर से ही मिलना शुरू हो जाएंगी।
यात्रा के दौरान क्रेन और बाइक टीमों के साथ मोबाइल इंटरसेप्टर भी महत्वपूर्ण स्थानों पर मौजूद रहेंगे। मौसम खराब होने की स्थिति में सांबा और कठुआ जिले के 50 लॉजमेंट सेंटरों में यात्रियों को ठहराने की व्यवस्था की गई है। लेजर-शो और शिव तांडव से होगा भव्य स्वागत
कठुआ प्रशासन की ओर से देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के भव्य स्वागत की व्यवस्था की है। बुधवार को पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत कलाकारों द्वारा शिव तांडव नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा, सूचना विभाग की ओर से यात्रा रिसेप्शन सेंटर पर स्थापित पंडाल में लेजर शो की व्यवस्था भी रहेगी। जिसमें भगवान भोले नाथ की महिमा और अमरनाथ की पवित्र गुफा का इतिहास दिखाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक सेंटर पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। एंटी ड्रोन सिस्टम से लेकर मल्टी लेयर सुरक्षा घेरे में भक्तों की निगरानी रखी जाएगी।
लखनपुर में दस्तावेज़ जांच के बाद मिलेगा ‘वन टाइम टोकन’
एसएसपी ट्रैफिक रूरल फारूक कैसर ने बताया कि पूर्व की तरह ही लखनपुर प्रवेश द्वार पर यात्रियों के वाहनों की दस्तावेजी जांच की जाएगी। लेकिन, इस बार लखनपुर में एक बार पूरे दस्तावेजों की चैकिंग कर वाहन पर ‘वन टाइम टोकन’ जारी होगा। स्टिकर के रूप में इस टोकन को वाहन पर चिपकाया जाएगा और श्रद्धालुओं को बार-बार वाहन के दस्तावेज जांच करवाने की जरूरत नहीं होगी। ये स्टिकर यात्रा पूरी कर वापिस कठुआ तक मान्य होगा। हालांकि, हुड़दंग मचाने, ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग, रैश ड्राइविंग, परिवहण नियमों का पालन ना करने की सूरत में दस्तावेज चैक भी होंगे और कार्रवाई भी होगी। केवल एनएच-44 से यात्रा कर सकेंगे
एसएसपी ट्रैफिक रूरल फारूक कैसर ने बताया कि इस बार पंजाब के रास्ते जम्मू-कश्मीर में दाखिल हुए श्रद्धालुओं को सीधा जम्मू की ओर रवाना नहीं किया जाएगा। पहले सारी कागजी कार्रवाई होगी और फिर कन्वॉय सिस्टम के साथ भारी सुरक्षा में काफिले के साथ श्रद्धालुओं को वाहनों को जम्मू की ओर रवाना किया जाएगा। यात्रा केवल नेशनल हाईवे-44 से ही संचालित होगी। धार रोड पर कट-ऑफ प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां से वाहनों को आगे नहीं जाने दिया जाएगा। ऐसा करने पर वाहन को वापिस भेजा जाएगा। कैसर ने बताया कि लिंक मार्गों और हाईवे जंक्शन पर यात्रा काफिले के गुजरने तक सामान्य यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया जाएगा। लखनपुर रिसेप्शन सेंटर पर RFID और ई-केवाईसी की हाईटेक व्यवस्था
भक्तों की सहूलियत के लिए लखनपुर में 6 आरएफआईडी (RFID) काउंटर और 12 ई-केवाईसी (e-KYC) केंद्र स्थापित किए गए हैं। 1 जुलाई यानि आज से ही यहां रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान पत्र जारी करने और पंजीकरण जांचने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके अलावा, आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले में 36 से 50 लॉजमेंट सेंटर चिन्हित किए गए हैं, जहां मौसम खराब होने पर यात्रियों के ठहरने का पुख्ता प्रबंध होगा। कठुआ में 36 लॉजमेंट सेंटर तैयार
जिले में आपात स्थिति में भक्तों को ठहराने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग जगह 36 लॉजमेंट सेंटर भी चिन्हित किए हैं। लखनपुर यात्रा रिसेप्शन सेंटर पर ही पहले लंगर की सुविधा भी भक्तों को मिल जाएगी। इस साल प्रदेश प्रशासन यात्रा रिसेप्शन सेंटर के आसपास वाहनों की पार्किंग को हटाने पर भी विचार कर रहा है। यात्री वाहनों की पार्किंग लखनपुर कॉरिडोर पर ट्रक-बे (Truck Bay) में करवाई जाएगी, जहां से भक्त पैदल रिसेप्शन सेंटर पहुंचेंगे।
Source link
अमरनाथ यात्रा;जम्मू तक 'कन्वॉय सिस्टम' के साथ होगा रवाना:लखनपुर में लेजर शो-शिव तांडव से होगा भव्य स्वागत, वन टाइम टोकन से नहीं होगा बार-बार चेकिंग का झंझट







