साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अग्रोहा में पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक हिसार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य युवाओं को साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में किया गया। जिसमें संस्थान के प्रशासनिक निदेशक डॉ. आशुतोष, डॉ. करणदीप सिंह सहित अन्य फैकल्टी सदस्यों और करीब 400 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। साइबर अपराधों के बारे में दी जानकारी इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों- जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग और फिशिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही इनसे बचने के उपायों और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के महत्वपूर्ण टिप्स भी साझा किए गए। लेक्चर थाना प्रभारी प्रवेश कुमार, साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उप निरीक्षक मोना और साइबर थाना हिसार से साइबर एक्सपर्ट पवित्र द्वारा संयुक्त रूप से दिया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को सतर्क रहने, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, अपनी निजी जानकारी साझा न करने और मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने की सलाह दी। साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे अधिकारियों ने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े कई सवाल पूछे। पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यावहारिक तरीके से उनके सभी प्रश्नों के जवाब दिए। इस जागरूकता पहल को विद्यार्थियों और संस्थान के स्टाफ ने सराहनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम आज के डिजिटल युग में अत्यंत आवश्यक हैं।
Source link
अग्रोहा में साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस का जागरूकता अभियान:मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए
