हिमाचल के शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल हत्याकांड का लाइव वीडियो सामने आया है। इसमें दोनों शूटर मनीषा मित्तल को गोली मारते हुए साफ दिख रहे हैं।
.
मनीषा मित्तल जब स्कूल गेट के बाहर पैदल चल रही होती हैं तो काले रंग की शर्ट पहना एक शूटर अचानक से उनके सिर में पीछे से 2 गोली मार देता है। इससे वह जमीन पर गिर गईं। उसके साथ एक और युवक होता है, जो सामने से 3 गोली मारता है। दोनों मास्क पहने हुए होते हैं।
शिमला के सरस्वती पैराडाइज स्कूल में 13 जून को स्कूल संचालिका मनीषा की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले थे, जिसमें 2 लोग चेहरा ढककर आते दिखे थे।
मामले में पुलिस ने हरियाणा के रोहतक से दोनों शूटरों को गिरफ्तार किया है, दोनों से पुलिस अभी पूछताछ कर रही है कि आखिर किसके कहने पर हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
मनीषा पर गोली मारने के बाद वो जमीन पर गिर गईं। लेकिन हमलावरों ने फिर से कई राउंड फायर किए।
पहले जानिए वीडियो में क्या दिख रहा….
स्कूल गेट के बाहर पहुंचीं संचालिका, पीछे से फायर
सीसीटीवी वीडियो में सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल स्कूल गेट के बाहर पैदल जाती दिखाई देती हैं। इसी दौरान एक युवक उनके पीछे आता है। युवक ने काले रंग की शर्ट पहन रखी है और वह कुछ दूरी तक मनीषा मित्तल का पीछा करता नजर आता है।
पीछे से सिर में मारी गोली, जमीन पर गिरीं मनीषा मित्तल
वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही मनीषा मित्तल आगे बढ़ती हैं, पीछे चल रहा युवक अचानक उन पर फायर कर देता है। गोली उनके सिर में लगती है, जिससे वह तुरंत सड़क पर गिर जाती हैं। गोली लगने के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन जाता है।
दूसरा शूटर सामने से आया, जमीन पर गिरी मनीषा पर की फायरिंग
पहली गोली लगने के बाद जब मनीषा मित्तल जमीन पर गिर जाती हैं, तभी दूसरा युवक सामने की ओर से आता दिखाई देता है। वीडियो में वह घायल अवस्था में पड़ी संचालिका के पास पहुंचता है और उन पर लगातार कई राउंड फायरिंग करता है। हमलावर यह सुनिश्चित करने की कोशिश करता नजर आता है कि निशाना बच न सके।
वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार
फायरिंग के तुरंत बाद दोनों युवक घटनास्थल से भागते दिखाई देते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेजी से नीचे की ओर भाग जाते हैं। पूरी घटना कुछ ही सेकेंड में घटित हो जाती है।
13 जून को स्कूल संचालिका मनीषा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, शिमला पुलिस ने दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था।
जानिए क्या है पूरा मामला…
भाई के साथ चल रहा था विवाद
मृतका मनीषा (42) का रोहतक के रहने वाले भाई हिमांक मित्तल के साथ स्कूल को लेकर विवाद चल रहा था। मीनाक्षी की हत्या से पहले का एक पुराना वीडियो भी सामने आया था, जिसमें वह कह रही हैं कि हिमांक उसे मारने की धमकियां दे रहा है।
40 घंटे के भीतर रोहतक में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हत्या के 40 घंटे के भीतर हरियाणा के रोहतक में दबोचा। बीते मंगलवार को हरियाणा झज्जर के दुजाना गांव के आशीष अहलावत (22) और रोहतक के सुनियारा खल फैसी निवासी दीपक (25) को शिमला लाया गया। इसके बाद कोर्ट में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा।
हत्या की साजिश रचने वाले का नहीं हो रहा खुलासा
मनीषा मित्तल की हत्या के पीछे किसके हाथ है, यह अभी तक पुलिस ने खुलासा नहीं किया है। मनीषा की मौत से पहला शक भाई पर गया, लेकिन भाई हिमांक ने कहा कि 1 जून को उस पर भी हमला हुआ था और जान से मारने की कोशिश की गई। मनीषा का अपने पति डॉ. सुभाष से विवाद चल रहा है। वहीं, स्कूल पर कुछ लोगों की नजर थी। ऐसे में हत्या किसने करवाई, यह सवाल बना हुआ है।
भाई ने लगाया स्कूल हड़पने का आरोप
मनीषा मित्तल के भाई हिमांक मित्तल ने स्कूल हड़पने का आरोप लगाया था। हिमांक ने कहा कि स्कूल पर कई लोगों की नजर है। मनीषा भी स्कूल को अपने कंट्रोल में रखना चाहती थी, जबकि कुछ अन्य लोग भी उसके साथ मिले हुए थे। मनीषा की हत्या से किसे फायदा होगा, यह तो पुलिस ही बताएगी, लेकिन उसे तो नुकसान ही हुआ है।
————–
यह भी पढ़ें…
शिमला मनीषा मर्डर केस: मास्टरमाइंड की तलाश जारी:भाई लगा चुका स्कूल हड़पने का आरोप, एसपी से मिला मैनेजमेंट, अभी तक खुलासा नहीं
रोहतक की रहने वाली मनीषा मित्तल की शिमला के स्कूल कैंपस में गोली मारकर हत्या करने के मामले में अभी तक साजिशकर्ता का नाम पुलिस ने उजागर नहीं किया है। हालांकि हत्या करने वाले 2 शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर रखा है, जिन्हें 7 दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ चल रही है। लेकिन हत्या के पीछे कौन है, यह बड़ा सवाल है। पूरी खबर पढ़ें…
