एयर इंडिया की फ्लाइट AI-481 शनिवार को एक ही यात्रा में दो बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
दिल्ली से हलवारा आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI-481 शनिवार को एक ही यात्रा में दो बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पहले उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद विमान में तकनीकी खराबी का संकेत मिलने पर उसे एहतियात के तौर पर दिल्ली वापस लाना पड़ा।
.
इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से हलवारा भेजा गया, लेकिन यहां पर बारिश के कारण पहली कोशिश में विमान की लैंडिंग नहीं हो सकी। हालांकि पायलट की सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए दूसरी कोशिश में विमान को सुरक्षित उतार लिया गया। इस दौरान तकनीकी खराबी और खराब मौसम के कारण यात्रियों में चिंता और घबराहट का माहौल बना रहा।
उड़ान भरने के 15 मिनट बाद तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार, विमान ने सुबह 5:55 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद तकनीकी खराबी का संकेत मिला। सुरक्षा को देखते देते हुए पायलट ने विमान को वापस दिल्ली ले जाने का फैसला किया। सुबह करीब 7 बजे विमान सुरक्षित वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
इसके बाद एअर इंडिया की तकनीकी टीम ने विमान की जांच की। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें दूसरे विमान में रवाना किया गया। सुबह करीब 9 बजे फ्लाइट AI-481 को दोबारा हलवारा के लिए रवाना किया गया।
हालांकि मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। जब विमान हलवारा एयरपोर्ट के करीब पहुंचा, तो यहां तेज बारिश, आंधी के कारण पहली बार लैंडिंग नहीं हो सकी। पायलट ने जोखिम लेने की बजाय विमान को कुछ समय तक हवा में नियंत्रित रखा और मौसम की स्थिति का आकलन किया। विमान ने हलवारा के आसमान में दो चक्कर लगाए, जिसके बाद दूसरी बार लैंडिंग का प्रयास किया गया।
दूसरे प्रयास में विमान को सुरक्षित रूप से हलवारा एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। इस दौरान विमान में सवार यात्रियों में चिंता और घबराहट का माहौल बना रहा। पहले तकनीकी खराबी और फिर खराब मौसम के कारण लैंडिंग में आई रुकावट से यात्रियों की धड़कनें तेज हो गई थीं।
यात्री बोले- पहली बार विमान उतर नहीं सका
फ्लाइट में यात्रा कर रहे एक यात्री ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते विमान को वापस दिल्ली लाया गया था। बाद में दूसरे विमान से हलवारा भेजा गया, लेकिन खराब मौसम के कारण पहली बार विमान उतर नहीं सका। उन्होंने कहा कि दोनों घटनाओं से यात्री चिंतित थे, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग होने के बाद सभी ने राहत महसूस की।

एअर इंडिया का विमान पाकिस्तान एयरस्पेस में जाकर लौटा।
पंजाब-चंडीगढ़ में हाल में ये विमान दुर्घटनाएं हुईं
एअर इंडिया का विमान PAK एयरस्पेस में घुसा
पिछले महीने एअर इंडिया की एक फ्लाइट रात में रास्ता भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में जा घुसी। इसे पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने चेतावनी देकर वापस भेजा। विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी थी और इसे अमृतसर लैंड होना था। पाकिस्तान के एयर स्पेस से जब फ्लाइट लौटी तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ गया था, ऐसे में इसे वापस दिल्ली भेज दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया है कि तकनीकी खराबी के कारण यह फ्लाइट रास्ता भटक गई थी।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में धमाका और धुआं
6 मई 2026 को हैदराबाद से चंडीगड़ एयरपोर्ट पर उतरी इंडिगो की फ्लाइट (6E 108) के रनवे पर लैंड करते ही केबिन के पिछले हिस्से में अचानक धुआं भर गया। जांच में पता चला कि एक यात्री के पावर बैंक में विस्फोट हुआ था। विमान में मची अफरातफरी और इमरजेंसी स्लाइडर से यात्रियों को बाहर निकालने के दौरान 5 से 6 यात्री घायल हो गए, जिनमें से एक महिला का पैर फ्रैक्चर हो गया।
बठिंडा में सैन्य विमान दुर्घटना
पंजाब के बठिंडा जिले के अकलियां कलां गांव में 7 मई 2025 रात करीब 1:30 बजे एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर गेहूं के खेतों में गिर गया। विमान गिरने के बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई। इस हादसे में मलबे की चपेट में आने और आग बुझाने की कोशिश के दौरान 2 नागरिकों की मौत हो गई और 9 अन्य लोग घायल हो गए। पायलट सुरक्षित रूप से इजेक्ट करने में कामयाब रहा था।
अपाचे हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
13 जून 2025 को भारतीय वायु सेना (IAF) के एक अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण पठानकोट जिले के एक गांव के खुले खेतों में एहतियातन उतारना पड़ा। इस घटना में हेलीकॉप्टर और चालक दल दोनों पूरी तरह सुरक्षित रहे और कोई नुकसान नहीं हुआ।
***********
ये खबर भी पढ़ें:
चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही फ्लाइट में हंगामा: लैंडिंग के समय यात्री पैनिक हुआ, मुक्के मारकर शीशा तोड़ा; क्रू मेंबर्स के साथ बदसलूकी

चंडीगढ़ से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI-1879) में बीते रविवार को एक पैसेंजर ने बीच हवा में हंगामा शुरू कर दिया। यात्री ने फ्लाइट की विंडो का शीशा भी तोड़ दिया। उसने फ्लाइट क्रू के साथ बदतमीजी की। (पढ़ें पूरी खबर)







