spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

सोनीपत में ट्रक-कार की टक्कर में 2 दोस्तों की मौत:3 घायल, एक गाड़ी में फंसा; मनाली से गुरुग्राम लौट रहे




हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में शनिवार को दिल्ली-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गन्नौर गढ़ी कला फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रहे एक अज्ञात ट्रक ड्राइवर ने उनकी कार को बाईं ओर से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक युवक कार के अंदर फंस गया, जबकि दूसरा सड़क पर बेहोश पड़ा मिला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दो युवकों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर अज्ञात ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सभी युवक मनाली घूमकर कार से गुरुग्राम लौट रहे थे। मनाली से घूमकर गुरुग्राम लौट रहे थे केरल के कोझिकोड निवासी पुलिस को दी शिकायत में अश्वीन साजी ने बताया कि वह गुरुग्राम के सेक्टर-74 स्थित एक कंपनी में प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। उसके माता-पिता दुबई में नौकरी करते हैं। वह अपने दोस्तों आर्यन, सागर गोयल, धनजीत यादव और अभिनव श्रीवास्तव के साथ अपनी काले रंग की नेक्सॉन कार में एक जुलाई को गुरुग्राम से मनाली घूमने गए थे। 4 जुलाई की सुबह सभी मनाली से वापस गुरुग्राम लौट रहे थे। गढ़ी कला फ्लाईओवर पर ट्रक ने मारी टक्कर शिकायत के अनुसार, जब उनकी कार गन्नौर क्षेत्र के गांव गढ़ी कला स्थित फ्लाईओवर पर पहुंची तो पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ड्राइवर ने तेज गति, गफलत और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार की बाईं ओर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में फंसा मिला युवक, दूसरा सड़क पर बेहोश पड़ा था गन्नौर थाना पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:25 बजे आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन से दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक बिट्टू रावल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां काले रंग की दुर्घटनाग्रस्त नेक्सॉन कार सड़क पर खड़ी मिली। कार के अंदर ड्राइवर सीट के पास एक युवक बेहोशी की हालत में फंसा हुआ था, जबकि दूसरा युवक सड़क पर बेहोश पड़ा मिला। पुलिस ने दोनों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क किनारे करवाकर घटनास्थल के वीडियो और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। दो दोस्तों की मौत, तीन की हालत गंभीर हादसे में कार सवार पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना गन्नौर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर सोनीपत के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आर्यन और सागर गोयल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अश्विन साजी, धनजीत यादव और अभिनव श्रीवास्तव की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में तीनों का इलाज सोनीपत के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों के थे सभी दोस्त हादसे का शिकार हुए पांचों दोस्त अलग-अलग राज्यों से थे, लेकिन सभी गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। मृतक आर्यन मुंबई के दहिसर स्थित रुस्तमजी रीजेंसी के निवासी थे, जबकि सागर गोयल उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद के रहने वाले थे। घायल धनजीत यादव लखनऊ और अभिनव श्रीवास्तव बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) के निवासी हैं, जबकि शिकायतकर्ता अश्विन साजी केरल के रहने वाले हैं। अज्ञात ट्रक चालक पर केस दर्ज जांच अधिकारी पीएसआई बिट्टू रावल ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सागर गोयल के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं आर्यन के परिजनों के महाराष्ट्र से पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके। एनएच-44 पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे एनएच-44 जिले का सबसे संवेदनशील और दुर्घटनाग्रस्त हाईवे बनता जा रहा है। इस मार्ग पर लगभग रोज सड़क हादसे हो रहे हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा रही है। जिले में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली कुल मौतों का बड़ा हिस्सा इसी हाईवे पर दर्ज किया जाता है। हाल ही में तीन जुलाई को भी सड़क किनारे खड़े दो भाइयों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया था, जिसमें एक भाई की मौत हो गई थी। लगातार हो रहे हादसे हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर कर रहे हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles