![]()
पानीपत जिले के सिठाना गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर में शनिवार दोपहर एक 28 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में डूब गया। युवक की पहचान गांव कचरौली निवासी कुलदीप (28) के रूप में हुई है, जो पेशे से दिहाड़ी मजदूर था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नहर में युवक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, युवक के परिजनों ने कुलदीप के साथ मौजूद रहने वाले उसके दो दोस्तों की कहानी पर गहरा संदेह व्यक्त करते हुए अपराध की आशंका जताई है। परिजनों के शक के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों दोस्तों को हिरासत में ले लिया है और उनसे गहनता से पूछताछ कर रही है। सुबह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, कचरौली निवासी कुलदीप रोजाना की तरह शनिवार सुबह भी अपने घर से दिहाड़ी मजदूरी के काम पर जाने की बात कहकर निकला था। वह 3 भाइयों में मंझला था और अभी अविवाहित (अनमैरिड) है। पूरा परिवार उसकी मजदूरी पर ही निर्भर है। शनिवार सुबह घर से निकलने के बाद दोपहर तक उसका कोई सुराग नहीं था। दोपहर को दोस्तों ने घर आकर दी सूचना शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कुलदीप के साथ अक्सर मजदूरी के काम पर जाने वाले कालू नाम के दो युवक अचानक कुलदीप के घर पहुंचे। बदहवास हालत में पहुंचे दोनों दोस्तों ने परिजनों को बताया कि कुलदीप सिठाना गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर में डूब गया है। दोस्तों की बात सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे तुरंत चीखते-चिल्लाते हुए नहर की तरफ दौड़े। दोस्तों बोले- पहले पी शराब, फिर पुल से छलांग लगाई हिरासत में लिए गए दोस्तों ने पुलिस और परिजनों को बताया कि वे शनिवार सुबह मजदूरी के काम पर नहीं गए थे। इसके बजाय वे तीनों सिठाना गांव के पास नहर किनारे पहुंच गए। वहां उन्होंने बैठकर पहले एक साथ शराब पार्टी की। शराब पीने के बाद कुलदीप को नशा हो गया और वह कुछ देर के लिए नहर के किनारे ही जमीन पर सो गया। दोस्तों के मुताबिक, सुबह 11 बजे कुलदीप अचानक सोकर उठा और उसने सिठाना नहर के पुल के ऊपर चढ़कर सीधे गहरे पानी में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद वह पानी के तेज बहाव में बह गया और गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों का दावा है कि पहले उन्होंने अपने स्तर पर काफी देर तक नहर में उसकी तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो उन्होंने पुलिस और परिवार को सूचित किया। परिजनों को दोस्तों की कहानी पर शक कुलदीप के परिजनों ने दोस्तों द्वारा सुनाई गई इस कहानी को पूरी तरह से मनगढ़ंत बताते हुए खारिज कर दिया है। परिजनों का कहना है कि अगर यह घटना सुबह 11 बजे की थी, तो दोस्तों ने उन्हें दोपहर 3 बजे यानी पूरे 4 घंटे बाद क्यों सूचित किया? परिजनों को अंदेशा है कि शराब पार्टी के दौरान कुलदीप के साथ कोई अनहोनी या झगड़ा हुआ है और उसे नहर में धकेला गया है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया परिजनों के भारी हंगामे और शक को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने मौके पर ही कालू नाम के दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोताखोरों की मदद से नहर में कुलदीप की तलाश की जा रही है। हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। मामले की हर पहलू से जांच जारी है।
Source link
पानीपत में नहर में डूबा युवक, दोस्तों के साथ गया:पहले शराब पार्टी की; परिजनों के शक पर पुलिस ने 2 हिरासत में लिए







