spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Punjab CM Mann Viral Video True; Bus Crushes Mother-Daughter; Youth Stabbed 16 Times in 47 Secs


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर सीएम भगवंत मान से जुड़ी रही। अकाल तख्त के जत्थेदार ने कहा कि शराब वाली वीडियो सही है। हालांकि AAP ने कहा कि उसमें भगवंत मान हैं, ये साबित नहीं होता।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. अकाल तख्त ने CM को गुरु दोषी-पंथ विरोधी करार दिया

सीएम भगवंत मान को अकाल तख्त ने पंथ विरोधी और गुरु विरोधी घोषित कर दिया है। जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने फसील से संबोधन में कहा कि वायरल वीडियो की फॉरेंसिक लैब से रिपोर्ट आने के बाद सामूहिक तौर पर सिखों ने कार्रवाई के लिए कहा।

इसके बाद इस पर 5 सिंह साहिबानों की मीटिंग में चर्चा की गई। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह को गुरु द्रोही और खालसा पंथ विरोधी करार दिया जाता है। पूरा खालसा पंथ और गुरु नामलेवा सीएम को मुंह न लगाए। यह फैसला CM मान की कथित शराब वाली वायरल वीडियो की पुष्टि होने पर लिया गया।

इसके अलावा, अकाल तख्त ने AAP के सारे सिख विधायकों को भी तलब किया है। उन्होंने सरकार के बेअदबी कानून पर साइन किए थे, जिसे अकाल तख्त ने गलत ठहराया है। वहीं, AAP प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने बयान जारी कर कहा है कि यदि मान लिया जाए कि वायरल वीडियो सही है, फिर भी इससे यह साबित नहीं होता कि वीडियो में दिख रहा शख्स कौन है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. इंडो कैनेडियन बस ने मां-बेटी को कुचला, हाथ-पैर कटे

जालंधर में ओवरस्पीड इंडो-कैनेडियन बस ने मां-बेटी को टक्कर मार दी। जिससे वह 10 फीट हवा में उछलकर रोड पर जा गिरीं। इसके बाद दोनों के ऊपर से बस के टायर गुजर गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक बच्ची गंभीर घायल हो गईं।

यह हादसा उस वक्त हुआ, जब मां अपनी दोनों बेटियों के साथ रेहड़े पर रोड क्रॉस कर रहीं थी। हादसे में मृत मां-बेटी के शव बुरी तरह से कट गए। उनके हाथ-पैर तक वहां नहीं मिले। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और घायल बच्ची व दोनों शव भोगपुर के अस्पताल भिजवाए।

पुलिस के मुताबिक मृतकों में पिंकी और उसकी बेटी योइदा है जबकि दूसरी बेटी अबीदा घायल है। रविवार रात हुई इस घटना का अब CCTV फुटेज भी सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार ये हादसा भोगपुर में जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चावला स्वीट्स के सामने हुआ है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. बिक्रम मजीठिया को अंतरिम जमानत, थाने से समर्थक को जबरन छुड़ाने का आरोप

अमृतसर की अदालत ने आज (15 जून) शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को अंतरिम जमानत दे दी। उन पर थाने के अंदर दस्तावेज फाड़ने और अपने एक समर्थक को छुड़ाने की कोशिश करने का आरोप है। इसी मामले में पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस ने कहा था- उन्होंने हथियार लहराए और केस की फाइलें फाड़ीं।

अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता और एडवोकेट अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा कि मजीठिया के खिलाफ आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान अमृतसर में दर्ज किया गया कथित झूठा मामला एक बार फिर गलत साबित हुआ है और कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी है।

कलेर ने कहा कि अदालतों में फैसले सबूतों के आधार पर होते हैं, किसी मुख्यमंत्री के बयान के आधार पर नहीं। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री पहले बड़े-बड़े दावे करते थे, लेकिन अब क्या कहेंगे? उनके मुताबिक, सरकार के मामलों को लेकर अदालतों में लगातार सवाल उठ रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

4. तेज बारिश से दीवार गिरी, 4 लोग दबे, कल गर्मी से एक मौत हुई थी

पंजाब में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। पठानकोट में दोपहर के समय तेज बारिश हुई, जबकि अबोहर में सुबह करीब सवा 9 बजे आधे घंटे तक बारिश हुई। जिससे आर्य नगर में एक झुग्गी पर कच्ची दीवार गिर गई, जिससे एक व्यक्ति, उसकी बहन और दो बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए।

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने मानसा, बठिंडा, फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बिजली चमकने का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के तापमान में 5.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इसके बावजूद तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान पटियाला में 38.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकांश जिलों में तापमान 33.9 से 38.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।(पढ़ें पूरी खबर)

5. चाकू-तलवार से काटकर युवक की हत्या, 47 सेकेंड में 16 वार किए

चंडीगढ़ के मौलीजागरां में 10-12 बदमाशों ने दो युवकों पर हमला कर दिया। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौलीजागरां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तोता नाम के युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त आकाश की हालत गंभीर है।

घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें बदमाश युवक पर चाकू-तलवार से हमला करते दिख रहे हैं। वह बचने के लिए दौड़ा। लेकिन बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। जमीन पर गिराकर उसे चाकू-तलवार से वार किए।

पुलिस के अनुसार मौलीजागरां के विकास नगर का रहने वाला तोता (25) रविवार देर रात 10:30 बजे अपने दोस्त आकाश (22) के साथ बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान 10 से 12 बदमाश हथियार लेकर पहुंचे और दोनों को घेर लिया। बदमाशों ने पहले दोनों के साथ मारपीट की। जब उन्होंने विरोध किया तो उन्होंने चाकू-तलवारों से हमला कर दिया।(पढ़ें पूरी खबर)

6. गर्लफ्रेंड ने बॉयफ्रेंड को चाकू घोंपा, PG में मिलने गया था

लुधियाना में पीजी में गर्लफ्रेंड से मिलने गए युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घायल युवक की पहचान मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उसकी चीखें सुनकर बाहर खड़े उसके दोस्त अंदर पहुंचे तो वह पहली मंजिल की सीढ़ियों के पास खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। दोस्तों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

थाना साहनेवाल पुलिस ने रविवार देर रात युवती खुशी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों की करीब तीन महीने पहले दोस्ती हुई थी।

पुलिस को दी शिकायत में गांव हीरां निवासी 30 वर्षीय लवप्रीत सिंह ने बताया कि 12 जून की रात करीब 11:30 बजे उसका दोस्त मनप्रीत सिंह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने पीजी में गया था। उस समय वह और उनका साथी सुखवीर सिंह पीजी के बाहर खड़े थे। कुछ देर बाद अंदर से मनप्रीत की चीखें सुनाई दीं। जब वे पीजी के अंदर पहुंचे तो पहली मंजिल पर सीढ़ियों के पास मनप्रीत घायल अवस्था में पड़ा था, जबकि उसके पास उसकी गर्लफ्रेंड खुशी भी मौजूद थी। (पढ़ें पूरी खबर)

7. MLA पर आरोप लगा स्वास्थ्यकर्मी ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट सामने आया

मानसा में स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर भूपिंदर कुमार ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के विरोध में बोहा कस्बा बंद रहा और लोगों ने प्रदर्शन किया। परिवार ने बुढलाडा के विधायक और स्वास्थ्य विभाग के कुछ कर्मचारियों पर भूपिंदर कुमार को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।

परिजन का कहना है कि विधायक ने भूपिंदर कुमार को फोन पर धमकाया था। उनका आरोप है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर विधायक से उनकी शिकायत की, जिसके बाद वह मानसिक दबाव में आ गए और उन्होंने यह कदम उठा लिया।

पुलिस को भूपिंदर कुमार का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें लिखा- मैं यह बयान अपने पूरे होश-हवास में लिख रहा हूं। पिछले 5-6 दिनों से मुझे लगातार परेशान किया जा रहा है। मैं किसी के दबाव में आकर यह नहीं लिख रहा हूं। यदि मेरे साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए संबंधित लोग जिम्मेदार होंगे। मुझसे करीब 10,000 रुपए भी लिए गए हैं। मुझे न्याय दिलाया जाए। अगर मुझे कुछ हो जाता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्तियों की होगी। (पढ़ें पूरी खबर)

8. सिंगर जी खान लाइव शो में फैंस पर भड़के

रोपड़ में आयोजित पंजाबी सिंगर जी खान के कार्यक्रम के दौरान उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब उन्होंने परफॉर्मेंस के बीच अचानक गाना रोक दिया और दर्शकों पर नाराजगी जाहिर की। जी खान ने कहा, “मैं नहीं गाता यार… मैं नहीं गाता। मैं नहीं गाऊंगा। अगर पीछे खड़े होकर सुनना है तो सुनो, नहीं तो रहने दो। मैंने पहले भी तुम्हारी फरमाइश पूरी की है।”

लाइव शो के दौरान फैंस लगातार अलग-अलग गानों की फरमाइश कर रहे थे। इससे नाराज होकर जी खान ने एक फैन को सरेआम डांटते हुए कहा, “तेरा पेग लगा हुआ है, तेरा तो यहां आना ही नहीं बनता था।” वायरल वीडियो में वह स्टेज पर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जबकि पीछे उनकी म्यूजिकल टीम मौजूद है। शुरुआत में उन्होंने एक गाना याद करने के लिए पांच मिनट का समय मांगा था, लेकिन लगातार शोर-शराबे और गानों की मांग से उनका गुस्सा बढ़ गया।

यह घटना मोरिंडा के गांव बामंडा में दरबार गुप्त शाह के 18वें सालाना मेले के दौरान हुई थी। गुस्से में जी खान ने माइक पर ही परफॉर्मेंस रोकने की बात कही और दर्शकों को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि यह मामला पांच-छह दिन पुराना है, लेकिन इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।(पढ़ें पूरी खबर)

9. बिजली के खंभे पर खुफिया कैमरा, पाकिस्तान भेजी सेना की जानकारी

बठिंडा पुलिस ने बठिंडा-गंगानगर रोड पर गैर-कानूनी तरीके से खुफिया कैमरे लगाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन कैमरों से जुटाया गया डेटा कथित तौर पर पाकिस्तान में कुछ व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा था। आरोप है कि कैमरों का इस्तेमाल सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए किया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के पाकिस्तान में कुछ लोगों से संबंध थे, हालांकि उनकी सीधे तौर पर कोई बातचीत नहीं हुई थी। पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ और गिरफ्तारियां होनी बाकी हैं, जिसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।

आरोपी की पहचान सराय गांव (थाना अजनाला, जिला अमृतसर) निवासी अशोक कुमार के नाम से हुई। अदालत से पूछताछ की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसी गांव के आकाशदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने कहा कि देश की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले इन दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. श्मशान से लौटते वक्त बदली किस्मत, ₹50 की टिकट पर निकला ₹15 लाख का इनाम

मानसा के राजिंदर सोनी के लिए शोक से भरा एक दिन अचानक खुशियों में बदल गया। परिवार में एक रिश्तेदार के निधन के बाद वह लुधियाना में अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। घर वापसी के दौरान बेटे की जिद पर उनकी मां ने 50 रुपए की लॉटरी का टिकट खरीदा और यही टिकट 15 लाख रुपए का बंपर इनाम लेकर आया। राजिंदर सोनी कूलर बनाने का काम करते हैं और उनकी एक छोटी फैक्ट्री है।

राजिंदर अपने माता-पिता, पत्नी, दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहते हैं। शुक्रवार को परिवार लुधियाना में उनके मौसा जी के अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचा था। दुख और गम के माहौल में किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि वापसी का सफर उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशखबरी लेकर आएगा। अंतिम संस्कार के बाद जब परिवार सरदूलगढ़ लौटने की तैयारी कर रहा था, तभी दोपहर करीब 3 बजे राजिंदर ने अपनी मां से लॉटरी खरीदने के लिए कहा।

दिलचस्प बात यह है कि राजिंदर ने इससे पहले कभी लॉटरी नहीं खरीदी थी। बेटे के बार-बार कहने पर उनकी मां ने पंजाब स्टेट डियर 50 कोल्ड फ्राइडे वीकली लॉटरी के 50-50 रुपए वाले पांच टिकट खरीद लिए। इनमें से एक टिकट पर 15 लाख रुपए का बंपर इनाम निकल आया और देखते ही देखते 50 रुपए की लॉटरी ने राजिंदर सोनी को लखपति बना दिया। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles